Mausam Ki Jankari: पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कड़ाके की ठंड, अगले दो दिनों में और बढ़ेगी ठंड, अलर्ट जारी

Mausam Ki Jankari: पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कड़ाके की ठंड, अगले दो दिनों में और बढ़ेगी ठंड, अलर्ट जारी
X
Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से देश में शीतलहर चल रही है। IMD की मानें तो अगले कई दिनों में ठंड और बढ़ेगी। देश के कई हिस्‍सों में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है।

Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से देश में शीतलहर चल रही है। IMD की मानें तो अगले कई दिनों में ठंड और बढ़ेगी। देश के कई हिस्‍सों में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। जम्‍मू-कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में मौसम को और सर्द कर दिया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 दिन तक उत्‍तर पूर्वी और मध्‍य भारत में न्‍यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाने का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक 31 दिसंबर के बाद से इस हिस्‍से में ठंड अभी और बढ़ेगी। साथ ही शीतलहर भी चलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली और उत्‍तराखंड के कई हिस्‍सों में अगले 3 दिन तक बेहद घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं उत्‍तर प्रदेश और राजस्‍थान के कुछ हिस्‍सों में अगले दो दिन घने कोहरे के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद उत्तरभारत में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान लुढ़कर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जगह-जगह बर्फबारी हुई। विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय से सर्द और शुष्क उत्तरी एवं उत्तरीपश्चिमी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर बह रही है जिससे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने कहा कि तापमान नववर्ष की पूर्व संध्या पर और भी गिर सकता है। कश्मीर में ज्यादातर स्थानों पर मध्यम हिमपात हुआ और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों चेहरे खिल गये क्योंकि उन्हें नये साल पर कारोबार के तेज होने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर में सुबह सात बजे हिमपात होने लगा और उसके कई घंटे बाद पड़ोस के बडगाम और पुलवामा जिलो में भी बर्फबारी होने लगी।

हिमाचल में बर्फबारी

अधिकारियों के अनुसार स्की -रिसोर्ट गुलमर्ग में सात इंच ताजा बर्फबारी हुई जबकि पहलगाम एवं सोनमार्ग में तीन से चार इंच हिमपात हुआ। अधिकारियों के अनुसार नये साल से पहले हुए हिमपात की वजह से अनेक घरेलू पर्यटक और स्थानीय लोग गुलमर्ग और पहलगाम पहुंच रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में आज शीतलहर में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुयी और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी। लाहौल स्पीति जिले का प्रशासनिक केंद्र केलांग प्रदेश में सबसे अधिक सर्द स्थान रहा और न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड

हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी शीत लहर आज और तेज हो गई। दोनों राज्यों में हिसार के अलावा, नारनौल, अमृतसर और चंडीगढ़ सहित कई स्थानों पर पिछली रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। राजस्थान में तेज और ठंडी उत्तरी हवाओं के असर के चलते आज को अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान के एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में तापमान शून्य से नीचे चार डिग्री सेल्सियस, चूरू में जमाव बिन्दू शून्य डिग्री, सीकर में शून्य से नीचे एक डिग्री, पिलानी- भीलवाड़ा में 01-01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चित्तोडगढ़-डबोक में दो-दो डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में तीन डिग्री सेल्सियस, बीकानेर-अजमेर में चार चार डिग्री सेल्सियस, अलवर-सवाईमाधोपुर-बूंदी में पांच-पांच डिग्री सेल्सियस, राजधानी जयपुर-जोधपुर-फलौदी में छह-छह डिग्री सेल्सियस, बाडमेर में तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Tags

Next Story