Mausam Ki Jankari: शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, जानें कहां कैसा रहेगा अगले 2 दिनों तक सर्दी का सितम

Mausam ki jankari: उत्तर भारत में अब कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू हो गई है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को ठंड बढ़ गई और कई राज्यों पर कोहरे की घनी चादर छाई रही। जबकि कश्मीर में रात्रि तापमान गिरकर शून्य से नीचे पहुंच गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कोहरे का असर बना रहा।
उत्तर प्रदेश में दूरदराज के इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जबकि हरियाणा एवं पंजाब में पारा सामान्य से नीचे बना रहा। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान शुष्क मौसम होने के बावजूद भी केलांग और कल्पा में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, पारा अभी और गिरने के आसार हैं। केंद्रशासित प्रदेश में जम्मू एवं कश्मीर की कश्मीर घाटी में रात्रि तापमान गिरकर जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। गुलमर्ग सबसे सर्द रहा। कल्पा में पारा शून्य से 1.7 डिग्री नीचे रहा।
घाटी में सभी मौसम केंद्रों में रात्रि तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं राजस्थान में चुरु सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम पारा 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पिलानी में रात्रि तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, हिमाचल की बात करें तो मनाली, डलहौजी, कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.2 डिग्री, 1.4 डिग्री और 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम पारा 10.9 डिग्री, इलाहाबाद में 15.2 डिग्री रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फर्रुखाबाद जिले (5.8 डिग्री) में दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में शीतलहर
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पारे में गिरावट जारी है। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में शीतलहर के बीच द्रास में तापमान शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले पांच से छह दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में मौसम शुष्क रहेगा और रात में आसमान साफ रहेगा।
दिल्ली का हाल
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आगे भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आज का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है और शुक्रवार तक इसके पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। दिल्ली में कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य सीमा से नीचे चला गया। हरियाणा में हिसार का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जबकि करनाल में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र में तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में गिरावट आई, वहीं मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी कई जगहों पर न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल का मौसम
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जगहों पर आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने 21 दिसंबर तक बारिश के जारी रहने की संभावना जताई है। इसके अलावा लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश भी इस अवधि के दौरान बारिश का अनुभव कर सकते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS