Mausam ki Jankari: मुंबई में हुई मानसून की धमाकेदार एंट्री, मौसम विभाग ने की अगले 3 दिनों की भविष्यवाणी

Mausam ki Jankari: मुंबई में हुई मानसून की धमाकेदार एंट्री, मौसम विभाग ने की अगले 3 दिनों की भविष्यवाणी
X
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक मानसून ने दस्तक दी। देश के उत्तरपूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश के साथ मानसून पहुंच चुका है।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक मानसून ने दस्तक दी। देश के उत्तरपूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश के साथ मानसून पहुंच चुका है। पूरे महाराष्ट्र में जल्द ही मानसून फैल जाएगा, अभी कई इलाकों में कल से बारिश का मौसम शुरू हो गया है। शनिवार सुबह भी मुंबई शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। वडाला इलाके में सड़कों पर हल्का जलभराव का संकट पैदा हो गया है।

आईएमडी ने जानकारी देते हुए कहा कि मानसून मुंबई सहित कोंकण के अधिकांश हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में इसके महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून समय पर मुंबई पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच दिनों में बेहद भारी बारिश की संभावना है। वहीं अगले तीन दिनों में महाराष्ट्र में मानसून पूरी तरह फैल जाएगा।

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जैसे जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ हल्की फुल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में सप्ताहांत में अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आएगी लेकिन 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, असम के कुछ हिस्सों में छिटपुट भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। देश में सालाना 70 फीसदी बारिश मानसूनी हवाओं से होती है और इसे कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा माना जाता है। मानसून ने 29 मई को केरल में दस्तक दी थी और 31 मई से 7 जून के बीच दक्षिण और मध्य अरब सागर के क्षेत्र में पड़ने वाले राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है।

Tags

Next Story