Mausam ki Jankari: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से दिल्ली समेत इन राज्यों में बढ़ी ठिठुरन, ठंड के बीच यहां होगी बारिश

Mausam ki Jankari: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से दिल्ली समेत इन राज्यों में बढ़ी ठिठुरन, ठंड के बीच यहां होगी बारिश
X
उत्तर और मध्य भारत में ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर समेत पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। तो वही कई राज्यों में बारिश होने की आशंका है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर और मध्य भारत में ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर समेत पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत के कई राज्यों के तापमान में गिरावट आई है और इससे ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही आज कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के अनुसार पश्चिमी हिमालय से शुष्क और बर्फीली ठंडी हवाएं एक बार फिर देश के उत्तर पश्चिमी और मध्य भागों में शुरू होंगी। ये ठंडी हवाएं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान को गिरा देगी। आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 या 8 डिग्री रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग (Meteorological Department) के मुताबिक आज दिल्ली में कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इसके साथ ही यहां आज अधिकतम तापमान (maximum temperature) 26.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान (minimum temperature) 9.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वही अगले कुछ दिनों में रात में ठंड बढ़ेगी। वही हरियाणा में बादल छाए रहने की संभावना है।

हरियाणा में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस , जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। तापमान में गिरावट से यहां भी ठंड बढ़ने वाली है। बुधवार तक हरियाणा में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके अलावा पंजाब में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है। यहां आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।

वही उत्तर प्रदेश में आज कोहरा छाया रह सकता है, वहीं कई हिस्सों में धूप भी खिलेगी। वही दूसरी ओर प्रदेश में ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के मुताबिक आज राज्य में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

वही एक तरफ उत्तर और मध्य भारत कड़ाके की ठंड का सामना कर रहा है तो वहीं दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। धीरे-धीरे यहां भी तापमान गिर रहा है। तमिलनाडु में आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

Tags

Next Story