MCD Elections 2022 Updates: एमसीडी चुनाव के लिए मतदान संपन्न, अब सात दिसंबर का रहेगा इंतजार

MCD Elections 2022 Updates: एमसीडी चुनाव के लिए मतदान संपन्न, अब सात दिसंबर का रहेगा इंतजार
X
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान शाम साढ़े पांच बजे संपन्न हो गया। एमसीडी की सत्ता किसके हाथ आएगी, यह पता सात दिसंबर को नतीजे आने पर स्पष्ट हो जाएगा। पढ़िये मतदान से जुड़ी दिनभर की अपडेट्स...

दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के 250 वार्डों पर आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 5.30 बजे तक चला। इस बार दिल्ली में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान करने के योग्य हैं। इस बार कुल 1349 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसके बाद मतगणना 7 दिसंबर को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बता दें कि साल 2017 के नगर निगम चुनावों में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से अच्छा प्रदर्शन किया था। तब 270 वार्डों में से 181 पर जीत हासिल की था। लेकिन इक बार वार्डों के परिसीमन के बाद यह पहला नगर निगम का चुनाव है, जो 250 सीटों पर हो रहा है।

एमसीडी चुनाव 2022 वोटिंग लाइव अपडेट (MCD Elections 2022 Voting LIVE Updates)

शाम साढ़े पांच बजे तक लगभग 50 फीसदी मतदान हुआ


* कांग्रेस प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने आरोप लगाया कि उनका वोट काट दिया गया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है।

* एमसीडी चुनाव के लिए मतदान धीमा चल रहा है। शाम चार बजे तक महज 42 फीसद मतदान दर्ज हुआ है। मतदान शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा।

* दिल्ली में दोपहर 2 बजे तक एमसीडी के कुल 250 वार्डों में 29.87 फीसदी मतदान हो चुका है।

* दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे। जहां उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने से नाराज लोगों से मुलाकात की और इसे साजिश बताते हुए कहा कि हम इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने जा रहे हैं।

* एमसीडी चुनाव में वोटिंग बहुत ही धीमी हो रही है। दोपहर 12 बजे तक एमसीडी चुनाव में महज 12 फीसदी मतदान हुआ है। दिल्ली में अभी तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।


* एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग के बीच भाजपा आम आदमी पार्टी की शिकायत करने के लिए चुनाव आयोग पहुंच गई है। दिल्ली बीजेपी ने ट्वीट कर कहा कि चुनाव के दौरान दुर्गेश पाठक और विजेंद्र गर्ग ने चुनावी गाइडलाइंस और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। पार्टी ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।

* बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वोटर लिस्ट से हमारे 450 समर्थकों के नाम काट दिए गए हैं। हम मांग करते हैं कि जिन जगहों पर धांधली हुई है, वहां दोबारा मतदान कराया जाए। क्योंकि चुनाव की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है।

* दिल्ली में एमसीडी चुनाव के दौरान सुबह साढ़े 10 बजे तक 9 फीसदी मतदान हुआ है। राज्य चुनाव आयोग की ओर से यह आकड़ा जारी किया गया है।



* दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार के साथ सिविल लाइन इलाके में बने एक बूथ पर जाकर मतदान किया।


* दिल्ली के उपराज्यपाल ने ट्वीट कर वोटरों से वोट करने की अपील की है। ट्वीट कर लिखा कि मैं दिल्ली के सभी मतदाताओं से आज अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करता हूं। राष्ट्रीय राजधानी के भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

* दिल्ली के एमसीडी चुनाव में 106 साल की एक महिला वोटर ने वोट डाला है।

* कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रघुबीर नगर स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।

* दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022: भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने मतदान किया।

* दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने ने कहा कि मतदाता सूची में मेरा नाम नहीं है। लेकिन मेरी पत्नी ने वोट डाला है।

* दिल्ली एमसीडी चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सीटों की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने वोट डालने के लिए अपने आवास से निकले। तभी मीडिया से बात करते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि बीजेपी 190-210 सीटें जीतेगी। बाद में प्रवेश वर्मा ने पत्नी के साथ पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया।

* दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एमडीसी चुनाव में मतदाताओं से अपील की।


* कांग्रेस नेता अजय माकन ने किया मतदान। वोट डालने के बाद बोले ये चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है।


* दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि साफ-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने जरूर जाएँ।

* दिल्ली में एक बूथ के बाहर लोग मतदान के लिए लाइन में दिखे। मतदान शुरू हो गया है।


* मतदान के दिन सुबह चार बजे से दिल्ली मेट्रो सेवा जारी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कहा कि सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे मिल जाएगी। ट्रेनें सुबह 6 बजे तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर मिलेगी।

* एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

* दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए मतदान आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है।

* दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों तैनात किया गया है।

Tags

Next Story