प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के विजेता बच्चों से मिलिए, ये हैं वीरता और हुनर के महारथी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 11 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (National Childrens Award) 2023 से सम्मानित किया है। इन पुरस्कार विजेताओं में से किसी ने जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाई, तो कोई खेल, कला और अन्य क्षेत्र का धुरंधर है।
देश में हर साल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से बहादुरी, इनोवेशन, सोशल सर्विस से लेकर खेलकूद और आर्ट-कल्चर में बेहतरीन योगदान देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार विजेता को इसके तहत एक पदक, एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक प्रमाण-पत्र दिया जाता है।
इस साल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) से 11 बच्चों को सम्मानित किया गया है। जिसमें राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के 6 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। पीएम नरेंद्र मोदी आज (24 जनवरी) को इन सभी से अपने आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात करेंगे। चलिए आपको बताते हैं कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2023 के सभी विजेताओं के नाम और उनकी उपलब्धियां।
नाम | कैटिगरी | राज्य/केंद्रशासित प्रदेश |
आदित्य सुरेश | आर्ट एंड कल्चर | केरल |
आदित्य प्रताप सिंह चौहान | इनोवेशन | छत्तीसगढ़ |
अनुष्का जॉली | सोशल सर्विस | दिल्ली |
हनाया निसार | स्पोर्ट्स | जम्मू और कश्मीर |
कोलगतला अलाना मीनाक्षी | स्पोर्ट्स | आंध्र प्रदेश |
एम. गौरवी रेड्डी | आर्ट एंड कल्चर | तेलंगाना |
ऋषि शिव प्रसन्ना | इनोवेशन | कर्नाटक |
रोहन रामचंद्र बहिर | बहादुरी | महाराष्ट्र |
संभब मिश्रा | आर्ट एंड कल्चर | ओडिशा |
शौर्यजीत रंजीत कुमार खैरे | स्पोर्ट्स | गुजरात |
श्रेया भट्टाचार्यजी | आर्ट एंड कल्चर | असम |
कुल | 11 | 11 |
रोहन रामचंद्र बहिर
महाराष्ट्र के रहने वाले रोहन रामचंद्र बहिर 15 साल के हैं। उन्होंने डोमरी नदी में डूब रही महिला को बचाने के लिए जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई और महिला की जान बचाई। इस बहादुरी के लिए उन्हें इनाम में जो धन राशि मिली थी, उसे उन्होंने गांव के गणपति विसर्जन के लिए दान कर दिया।
आदित्य सुरेश
आर्ट एंड कल्चर कैटिगरी में आदित्य सुरेश को इस पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें जन्म से बोन डिसऑर्डर डायग्नोज हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने कभी भी हार नहीं मानी और शानदार सिंगर बने। वह अब तक टीवी चैनलों से लेकर 500 से ज्यादा इवेंट्स में परफॉर्म कर चुके हैं।
अनुष्का जॉली
सोशल सर्विस कैटिगरी में अनुष्का जॉली को यह पुरस्कार मिला है। उन्होंने 'एंटी बुलींग स्क्वाड कवच' नाम से एक ऐप बनाया है। इसके जरिए बुलींग का शिकार हुए स्टूडेंट्स को मेंटल हेल्थ काउंसलिंग दी जा रही है।
ऋषि शिव प्रसन्ना
इनोवेशन कैटिगरी में ऋषि शिव प्रसन्ना को पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रसन्ना का IQ 180 है और वह सबसे युवा सर्टिफाइड एंड्रॉयड एप्लिकेशन डिवेलपर हैं। इसके साथ ही वह 'एलिमेंट्स ऑफ अर्थ' के नाम से किताब भी लिख चुके हैं।
श्रेया भट्टाचार्यजी
श्रेया भट्टाचार्यजी 12 साल की हैं और उन्हें आर्ट एंड कल्चर कैटिगरी में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वह तबला वादक हैं। इनके नाम पर 'इंडिया बुक ऑफ रेकॉर्ड्स' में सबसे लंबे समय पर तबला बजाने का रेकॉर्ड दर्ज है।
एम. गौरवी रेड्डी
आर्ट एंड कल्चर कैटिगरी में एम. गौरवी रेड्डी को सम्मानित किया गया है। 2016 में वह सिर्फ 12 साल की उम्र में इंटरनेशनल डांस काउंसिल (UNICEF, ग्रीस) के लिए नामित हुई थीं।
संभब मिश्रा
आर्ट एंड कल्चर कैटिगरी में पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिया गया है। उन्होंने नामी प्रकाशनों में कई बड़े-बड़े लेख लिखे हैं। उन्हें लंदन की रॉयल एशियाटिक सोसायटी से फेलोशिप मिली हुई है।
आदित्य प्रताप सिंह
इनोवेशन कैटिगरी में आदित्य प्रताप सिंह को पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्होंने MICROPA नाम से एक ऐसी तकनीक ईजाद की है जिससे पीने के पानी से माइक्रोप्लास्टिक को फिल्टर किया जा सकता है।
खेल श्रेणी में तीन बच्चों को किया सम्मानित
खेल की श्रेणी में तीन बच्चों को सम्मानित किया गया। जिससमें हनाया निसार को मार्शल आर्ट्स के लिए, कोलगतला अलाना मीनाक्षी को चेस और 10 साल के शौर्यजीत रंजीत कुमार खैरे को मलखम्भ में असाधारण उपलब्धि का इनाम मिला।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS