बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने कई जगह लोगों पर बरसाई गोलियां, एक की मौत, नौ घायल

बिहार के बेगूसराय में मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों के ऊपर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि नौ लोग घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन अभी तक बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करके आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है। उधर, इस घटना के बाद से सियासत तेज हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी ने इस वारदात को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 10 से 12 लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में जब से गठबंधन की सरकार बनी है, तब से अपराधियों के हौंसले बुलंद है।
गिरिराज सिंह बोले- बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस घटना को लेकर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। बिहार के मुख्यमंत्री को यह कहने में भय लगता है कि मैं जंगल राज का मुख्यमंत्री हूं, जिस दिन वे ऐसा कहेंगे, वहां के उपमुख्यमंत्री (तेजस्वी यादव) उन्हें सत्ता से हटा देंगे। उन्होंने कहा कि जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं, तो बेगूसराय जैसी घटना घटती है। 30 किमी तक चार थाने से होते हुए अपराधी रोड से बिना रोक टोक गुजरते हैं और बेखौफ गोलियां चलाते हैं। लोगों में भय नाम की चीज खत्म हो गई है।
एसपी ने कही यह बात
बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार का कहना है कि आज विभिन्न स्थानों पर बाइक सवार हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और 9 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया गया है कि इस फायरिंग में मारे गए व्यक्ति का नाम चंदन कुमार है। इसके अलावा फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले विशाल सोलंकी के पेट में गोली लगी है। बदमाशों की फायरिंग में मल्हीपुर चौक पर मछली विक्रेता भी घायल हुआ है। साथ ही, यहां मछली खरीदने आए दो लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS