Monsoon Session 2022 : मॉनसून सत्र के 5वें दिन भी कांग्रेस कर रही प्रदर्शन, सदन में भी हंगामा

देश की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने के लिए लोकसभा और राज्य सभा में आज द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी जाएगी। मॉनसून सत्र का आज पांचवां दिन है। विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही में बाधा आती रही है। 18 जुलाई से शुरू हुआ यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा। कांग्रेस आज भी प्रदर्शन कर रही है। आज सांसद डेरेक ओ ब्रायन, वी शिवदासन, जॉन ब्रिटास इत्यादि समान नागरिक संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी विधेयक, संविधान (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के लिए प्राइवेट मेंबर बिल सदन में पेश करेंगे। यहां पढ़िये तमाम अपडेट्स...
लोकसभा दोपहर तक के लिए स्थगित
महंगाई और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे को लेकर राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। लोकसभा भी दोपहर तक के लिए स्थगित की गई है।
कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
कांग्रेस मॉनसून सत्र के पांचवें दिन भी प्रदर्शन कर रही है। संसद परिसर में आज भी अधीर रंजन चौधरी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम वरिष्ठ नेता संसद परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं।
हम रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं पर बढ़ते GST पर चर्चा करना चाहते हैं। लेकिन सरकार हमें ये करने नहीं दे रही है। वे गुमराह कर रहे हैं और अलग बयान दे रहे हैं कि विपक्ष चर्चा के लिए तैयार नहीं है। ये सत्य नहीं है वे लोग झूठ बोल रहे हैं: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, दिल्ली pic.twitter.com/uy0LJyOKrQ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 22, 2022
पीएम मोदी ने की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में सरकार की रणनीति पर चर्चा करने के लिए शीर्ष कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, प्रह्लाद जोशी, अनुराग ठाकुर, किरेन रिजिजू और पीयूष गोयल मौजूद रहें।
संसद भवन के परिसर में प्रदर्शन प्रतिबंधित
मॉनसून सत्र शुरू होने के बाद से कांग्रेस लगातार संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने संसदीय बुलेटिन में कहा है कि संसद भवन के परिसर के भीतर प्रदर्शन और तख्तियों का प्रदर्शन प्रतिबंधित है।
कांग्रेस लगातार हमलावर
मॉनसून सत्र शुरू होने के बाद से कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस ने पैकेट बंद दूध, दही जैसे उत्पादों पर जीएसटी लगने, बढ़ती महंगाई और अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए संसद परिसर में प्रदर्शन किया तो वहीं चौथे दिन गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को पूछताछ के ईडी मुख्यालय बुलाए जाने से गुस्साए सदन के विपक्षी सदस्यों ने प्रदर्शन किया। विपक्षी सदस्यों के प्रदर्शन और हंगामे के चलते दोनों सदर में खासा कामकाज नहीं हुआ है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS