Monsoon Update: दिल्ली-मुंबई में मानसून की दस्तक, कई राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Monsoon Update: दिल्ली और मुंबई में रविवार सुबह मानसून (Monsoon) ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने दोनों जगहों पर मानसून के एकसाथ पहुंचने को दुर्लभ दुर्घटना बताया है। जहां यह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में तय समय से दो दिन पहले पहुंचा, वहीं मुंबई (Mumbai) में इसका प्रवेश दो सप्ताह देरी से हुआ है। इस धीमी शुरुआत वाले मानसून ने अब तेजी से बढ़ना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश (UP) के कुछ हिस्सों सहित कई क्षेत्रों को कवर कर लिया है। साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि इसने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्से और हरियाणा के कुछ हिस्से को भी कवर कर लिया है।
बता दें कि इस साल मानसून (Monsoon) अपनी की गति काफी धीमी रही। यह तकरीबन समय सीमा से एक सप्ताह लेट पहुंचा है। जहां पहले 1 जून को मानसून केरल में दस्तक दे देता था। इस बार 8 जून को पहुंचा। इस बीच, आईएमडी ने पहले कहा था कि अल नीनो की स्थिति बनने के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान भारत में सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।
दिल्ली में मानसून की एंट्री
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में मानसून के आगमन के साथ ही रविवार तड़के दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सुबह 5.30 बजे तक शहर सफदरजंग इलाके और पालम में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और 26 व 27 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि मौसम विभाग ने तीनों दिन आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज होने की भविष्यवाणी की है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक
बीते शनिवार को हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में मानसून ने दस्तक दे दी। राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिली है। इसकी वजह से भूस्खलन हुआ और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। साथ ही, कुछ ट्रेनों को भी रोका गया है। मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन के कारण शिमला-कालका सड़क मार्ग भी बंद हो गया है। मौसम विभाग ने 25 और 26 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Also Read: Monsoon update: केरल में मानसून ने दी दस्तक, उत्तर भारत के राज्यों में भी हुई एंट्री
उत्तराखंड में भी भारी बारिश
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई इलाकों में 26 जून तक ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) और 30 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। 30 जून तक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को कुछ समय के लिए यात्रा से बचने की सलाह दी है। राजधानी देहरादून में शनिवार रात से रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई।
राजस्थान में भी जल्द दस्तक देगा मानसून
मौसम विभाग ने कहा कि मानसून (Monsoon) के अगले सप्ताह तक राजस्थान (Rajasthan) पहुंचने की उम्मीद है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि मानसून शनिवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पहुंच गया और आने वाले दिनों में इसके सक्रिय रहने और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र (Maharastra) के रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, उन्होंने कहा कि पालघर, मुंबई और ठाणे में भी भारी बारिश दर्ज की जाएगी। बता दें कि मुंबई के कई हिस्सों में शनिवार से लगातार बारिश हो रही है। अब तक, शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS