महाराष्ट्र विकास अघाड़ी ने शिंदे सरकार के खिलाफ किया बड़ा प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों की भीड़ से सड़कें जाम, पुलिस लाचार

महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) की ओर से राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे और राज्यपाल बीएस कोश्यारी के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के हजारों प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि छत्रपति शिवाजी महाराज पर विवादित टिप्पणी को लेकर एकनाथ शिंदे सरकार और महाराष्ट्र के राज्यपाल बीएस कोश्यारी के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र विकास अघाड़ी का कहना है कि छत्रपति शिवाजी महाराज और महात्मा ज्योतिबा फुले का अपमान हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। इसके अलावा, कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में मराठी भाषियों पर अत्याचार किया जा रहा है। एमवीए नेताओं ने कहा कि हाल में कर्नाटक में महाराष्ट्र से जाने वाले वाहनों पर भी पथराव किया गया। उन्होंने कहा कि इन सबके चलते हम एकनाथ शिंदे सरकार और राज्यपाल बीएस कोश्यारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
शरद पवार भी हल्ला बोल में शामिल होंगे
एमवीए के इस हल्ला बोल में राकांपा प्रमुख शरद पवार भी शामिल हो सकते हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि आज का हल्ला बोल बता रहा है कि एकनाथ शिंदे सरकार और बीजेपी ने राज्य के हालात बदतर बना दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह हल्ला बोल लोगों के गुस्से को भी प्रदर्शित कर रहा है। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि कुछ प्रमुख परियोजनाओं को महाराष्ट्र से हटाकर गुजरात को दे दिया गया और वहां भाजपा ने चुनाव जीता। महाराष्ट्र की जनता अपने वोट से भाजपा को कड़ा संदेश देगी।
यहां से यहां तक हल्ला बोल
महा विकास अघाड़ी का हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन आज जेजे अस्पताल के पास से शुरू हुआ। दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर यह प्रदर्शन समाप्त होगा। इस हल्ला बोल में हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों की संख्य इतनी अधिक थी कि जहां से भी यह हल्ला बोल गुजरा, वहां के आसपास की सभी सड़कों पर यातायात पूरी तरह जाम हो गया। ऐसे में पुलिस को स्थितियां संभालने के लिए खासी मेहनत करनी पड़ी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS