दूसरी शादी करने जा रहे हैं देश के जाने माने वकील हरीश साल्वे, जाने उनकी फैमिली और नई बीवी के बारे में

देश के जाने माने वकील और पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे इस हफ्ते दूसरी शादी करने वाले हैं। उन्होंने पिछले महीने ही अपनी पहली पत्नी मीनाक्षी साल्वे को तलाक दिया है। साल्वे 28 अक्टूबर को लंदन के एक चर्च में अपनी दोस्त कैरोलिन ब्रॉसर्ड से शादी करेंगे। कैरोलिन से शादी करने से पहले हरीश साल्वे ने ईसाई धर्म अपना लिया है।
हरीश साल्वे पिछले महीने ही अपनी पत्नी मीनाक्षी साल्वे को तलाक देकर उनसे कानूनी तौर पर अलग हुए हैं। इस जोड़े की दो बेटियां भी हैं। दूसरी शादी करने जा रहे साल्वे ने अब धर्म भी बदल लिया है और अब वे ईसाई धर्म अपना चुके हैं। वह पिछले दो वर्षों से अपनी होने वाली पत्नी कैरोलिन के साथ उत्तरी लंदन के चर्च में जाते रहे हैं। खास बात यह है कि हरीश साल्वे और कैरोलिन दोनों का यह दूसरा विवाह है। 56 वर्षीया कैरोलिन पेशे से कलाकार हैं और उनकी एक बेटी भी है।
नागपुर में हुई परवरिश
पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे की परवरिश महाराष्ट्र के नागपुर में हुई। चीफ जस्टिस अरविंद बोबड़े और हरीश साल्वे ने नागपुर शहर में एक ही स्कूल से पढ़ाई की है। 1976 में साल्वे ने दिल्ली का रूख किया और बोबड़े मुंबई हाईकोर्ट पहुंच गए। बाद में बोबड़े मुंबई हाईकोर्ट के जज हो गए और हरीश साल्वे भी सीनियर एडवोकेट बन गए। इसके बाद साल्वे सॉलिसिटर जनरल बने। वह 2002 तक सॉलिसिटर जनरल रहे। इसके बाद 2003 से साल्वे ने अंतरराष्ट्रीय मामलों की पैरवी करना शुरू कर दिया। फिर वह लंदन में ही नियमित रूप से रहने लगे। यहां 2013 में उन्हें इंग्लिश बार नियुक्त कर दिया गया। इसी साल जनवरी में उन्हे क्वींस काउंसिल नियुक्त किया गया है। उन्होने पिछले साल ही इसके लिए आवेदन किया था। साल्वे के पिता एनकेपी साल्वे चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वह कांग्रेस के सदस्य भी रहे थे।
धीरे-धीरे दोस्ती ऐसे बदली प्यार में
हरीश साल्वे पहली बार कैरोलिन से एक आर्ट एग्जीबिशन के दौरान मिले थे। बातो से शुरू हुई उनकी मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनो ने एक दूसरे से प्यार का इजहार भी कर दिया। साल्वे के मुताबिक तलाक के बाद लंदन में बच्चों से दूर रहते हुए कैरोलिन ने उन्हे भावनात्मक रूप से काफी सहयोग किया। इसी वजह से वे कैरोलिन के नजदीक आते गए और अब ये जोड़ा शादी के बंधन में बंधने जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS