मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट की लैंडिंग से पहले यात्री ने खोला इमरजेंसी गेट, BJP नेता ने भी दिया था खतरे का न्योता

मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट की लैंडिंग से पहले यात्री ने खोला इमरजेंसी गेट, BJP नेता ने भी दिया था खतरे का न्योता
X
नागपुर से मुंबई जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में एक यात्री ने लैंडिंग से पहले इमरजेंसी गेट (emergency gate) खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नागपुर से मुंबई जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में एक यात्री ने लैंडिंग से पहले इमरजेंसी गेट (emergency gate) खोल दिया। यात्री को ऐसा करते देख फ्लाइट में बैठे अन्य यात्री और क्रू मेंबर्स के होश उड़ गए। क्रू मेंबर ने आनन-फानन में यात्री को गेट के पास से हटाया और गेट बंद कर दिया।

इसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) पर पुलिस ने यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एयरपोर्ट पुलिस (Airport Police) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार 24 जनवरी को प्रणव राउत नाम का शख्स इंडिगो की फ्लाइट 6E-5274 से नागपुर से मुंबई आ रहा था। इस दौरान प्रणव राउत ने मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले एग्जिट गेट का कवर खोल दिया। आनन-फानन में फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर ने गेट बंद कर दिया।

एयरलाइंस के कर्मचारियों ने मामले की जानकारी मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यात्री के खिलाफ अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए आईपीसी की धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया है। और उससे पूछताछ जारी है। और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airlines) ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि नागपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट 6E 5274 में एक यात्री ने इमरजेंसी गेट का कवर हटाने की कोशिश की। जिस समय यात्री ने ऐसा किया, फ्लाइट हवा में थी और लैंडिंग के लिए आ रही थी। फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स ने कैप्टन को घटना की जानकारी दी और यात्री को चेतावनी दी गई है।

बता दें इससे पहले भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने 10 दिसंबर को इंडिगो की फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोल दिया था। डीजीसीए ने अपने बयान में जानकारी देते हुए कहा था कि इंडिगो 6ई फ्लाइट 6ई-7339 में एक यात्री ने इमरजेंसी दरवाजा खोलकर दहशत फैला दी। इसके बाद डीजीसीए ने इस मामले की जांच के आदेश दिए थे। वहीं, मामले में उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि गलती से तेजस्वी सूर्या ने दरवाजा खोल दिया था और उन्होंने इसके लिए माफी मांगी है।

सिंधिया ने कहा, "यह घटना तब हुई जब विमान जमीन पर था। तेजस्वी सूर्या ने गलती से आपातकालीन निकास द्वार खोल दिया था। उन्होंने खुद घटना की सूचना दी थी और तुरंत इसके लिए माफी मांगी थी।

Tags

Next Story