PM Modi Birthday: पीएम मोदी का 73वां जन्मदिन आज, द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने दी बधाई

PM Modi Birthday: पीएम मोदी का 73वां जन्मदिन आज, द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने दी बधाई
X
PM Modi Birthday: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्मदिन हैं। उनको देश और दुनिया के कई बड़े नेताओं ने शुभकामनाएं भेजी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह, अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को बधाई दी है। पढ़ें किस नेता ने क्या कहा...

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं और देश-दुनिया के लोगों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने बधाई दी है। पीएम के जन्मदिन को मनाने के लिए, भारतीय जनता पार्टी ने नमो ऐप पर एक्सप्रेस योर सेवा भाव नाम से एक सेवा पखवाड़ा पहल शुरू की है। इससे लोग सीधे पीएम मोदी को अपनी शुभकामनाएं दे सकते हैं, जिससे नागरिकों को अपने नेता के साथ जुड़ने और अपनी प्रशंसा व्यक्त करने का एक अनूठा अवसर मिलता है।

इन नेताओं ने दी बधाई

राष्ट्रपति ने दी बधाई

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनांए दी हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि अपनी दूरगामी दृष्टि तथा सुदृढ़ नेतृत्व से आप अमृत काल में भारत के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा देशवासियों को अपने अप्रतिम नेतृत्व से लाभान्वित करते रहें।

अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा कि अपनी दूरदर्शिता, अथक परिश्रम और निस्वार्थ सेवाभाव से करोड़ों लोगों के जीवन में समृद्धि और विश्वास लाने वाले देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही ईश्वर से आपकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं। मोदी जी में नेतृत्व, संवेदनशीलता और परिश्रम का दुर्लभ संयोजन देखने को मिलता है। नरेंद्र मोदी ने देश के सोचने के स्केल और साइज को बदला है, जिससे चाहे कोरोना की वैक्सीन बनाना हो या चंद्रयान-3 की सफलता, आज हमारा तिरंगा पूरे विश्व में शान से लहरा रहा है।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि भारत के यशस्वी एवं कर्मयोगी प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उन्होंने भारत को न केवल नई पहचान दी है बल्कि संपूर्ण विश्व में उसका मान भी बढ़ाया है। लोक कल्याण और गरीब कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध मोदी ने भारत को विकास की नई बुलंदियों तक पहुँचाया है। उनके नेतृत्व में भारत उत्तरोत्तर प्रगति करता रहे और वे ऐसे ही मां भारती की सेवा करते रहें। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना करता हूं।

नितिन गडकरी ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें। आपके नेतृत्व में देश से भय, भूख और भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो और हम पुन विश्व गुरु का स्थान प्राप्त करें यही शुभकामनाएं।

अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी पीएम मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही, उन्होंने आगे लिखा कि मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूं।

Tags

Next Story