Tripura Election 2023: अगरतला में PM Modi का कांग्रेस-लेफ्ट पर हमला, बोले- त्रिपुरा को बर्बाद कर देंगे

Tripura Election 2023: अगरतला में PM Modi का कांग्रेस-लेफ्ट पर हमला, बोले- त्रिपुरा को बर्बाद कर देंगे
X
PM Modi Tripura Speech: पीएम मोदी ने त्रिपुरा के अगरतला में रैली में कहा कि आज बीजेपी के पक्ष में माहौल इसलिए है क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है। कांग्रेस-लेफ्ट त्रिपुरा को बर्बाद कर देंगे।

PM Modi Tripura Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिपुरा के अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भाजपा के पक्ष में माहौल इसलिए है, क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है। त्रिपुरा में आज कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी भाजपा सरकार ने आगे बढ़कर सेवा न की हो। हमने त्रिपुरा में शांति और कानून का शासन स्थापित किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर जमकर हमला बोला है।

त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी राज्य में विजय पाने के लिए किसी भी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ रही है। यहां बीजेपी ने पूरी तरह से माहौल बनाया हुआ है। बीजेपी के बड़े नेता लगातार यहां चुनावी रैलियां कर रहे हैं। बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार यानी 12 फरवरी को चांदीपुर में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में अगर विकास आया तो सिर्फ और सिर्फ बीजेपी के 5 साल के कार्यकाल में विकास पहुंचा है। इसी कड़ी आज सोमवार को त्रिपुरा के अगरतला में पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने त्रिपुरा में शांति और कानून का शासन स्थापित किया। यह इस बात से स्पष्ट है कि चुनाव प्रचार के दौरान सभी पार्टियों के झंडे दिखाई देते हैं, पहले के समय के विपरीत जब एक ही पार्टी हुआ करती थी। त्रिपुरा के लोगों ने 'रेड सिग्नल' हटाकर 'डबल इंजन सरकार' चुनी। उन्होंने इस दौरान विपक्षियों पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस-लेफ्ट त्रिपुरा को बर्बाद कर देंगे, पूर्ण बहुमत वाली सरकार चाहिए।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के युवाओं, माता-बहनों ने चंदा की कंपनी वालों को फिर से 'रेड कार्ड' दिखा दिया है। त्रिपुरा के लोगों ने ऐलान कर दिया है, उन्हें सबका साथ, सबका विकास वाली सरकार चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा के पक्ष में माहौल इसलिए है क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है। त्रिपुरा में आज कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी भाजपा सरकार ने आगे बढ़कर सेवा न की हो।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस चुनाव में मुझे जहां भी जाने का अवसर मिला है मैंने देखा है कि फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाने का मन त्रिपुरा के लोगों ने बना लिया है। डबल इंजन की सरकार के लिए आपका समर्थन देखकर मेरी खुशी भी डबल हो गई है। विकास की पहली शर्त होती है कानून व्यवस्था का राज। वामपंथी शासन ने त्रिपुरा को विनाश के रास्ते पर धकेल दिया था। यहां जो हाल थे उसे त्रिपुरा के लोग कभी भी भूल नहीं सकते। वामपंथियों ने त्रिपुरा के लोगों को अपना गुलाम समझ लिया था।

Tags

Next Story