'आतंकवाद लोगों के लिए गंभीर चुनौती', केन्याई राष्ट्रपति William Ruto के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बोले PM Modi

आतंकवाद लोगों के लिए गंभीर चुनौती, केन्याई राष्ट्रपति William Ruto के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बोले PM Modi
X
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुतो से बातचीत की।

PM Modi Kenyan President Joint Press Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज मंगलवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुतो (William Samoei Ruto) से बातचीत की। इस दौरान खेल, आईटी और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में चर्चा के बाद पांच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।

केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुतो के साथ संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम आज समुद्री सहयोग पर एक संयुक्त दृष्टिकोण प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रहे हैं। भारत और केन्या के बीच सहयोग से हमारे सभी प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत और केन्या इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद मानव जाति के लिए सबसे गंभीर चुनौती है। इस संबंध में हमने आतंकवाद विरोधी क्षेत्र में अपने आपसी सहयोग को बढ़ाने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति में अफ्रीका सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में भारत ने मिशन मोड में अफ्रीका के साथ सहयोग बनाने का काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा केन्या और अफ्रीका के साथ संबंधों और जुड़ाव को बढ़ावा देने में मदद करेगी। पीएम ने कहा कि इस साल भारत और केन्या के बीच राजनयिक संबंधों के 60 साल पूरे हो रहे हैं।

बता दें कि केन्याई राष्ट्रपति भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार यानी 4 दिसंबर को नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ एक उच्च स्तरीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी है। राष्ट्रपति रुतो का आज मंगलवार को सुबह राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया गया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ को क्या करने की जरूरत है, इस पर वह प्रधानमंत्री मोदी से काफी समानता रखते हैं। उन्होंने कहा कि केन्या और भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने की जरूरत है।

केन्याई राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे बीच सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है। आज मेरी यात्रा में हमने उस रिश्ते को मजबूत किया है और हमारी सरकारों के बीच जुड़ाव का दायरा बढ़ा है। बता दें कि यह राष्ट्रपति रुतो की पहली भारत यात्रा है। शाम को वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा केन्याई राष्ट्रपति नई दिल्ली में एक व्यापार और निवेश कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

Tags

Next Story