नई सरकार को बने हो चुके हैं 100 दिन, भाजपा के शतक में धार भी है रफ़्तार भी है : पीएम मोदी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से चुनावों का शंखनाद कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नासिक में रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने 'महाजनादेश यात्रा समारोह' को संबोधित करते हुए कहा कि जब लोकसभा चुनाव चरम पर था तब मैं डिंडोरी में एक सभा करने आया था। उस सभा में ऐसा जनसैलाब उमड़ा था कि उसने पूरे देश में चल रही भाजपा की लहर को और प्रचंड बना दिया था। आज नासिक की ये रैली और भी आगे निकल गई है। इतना ज्यादा जनसैलाब आज उमड़ा है।
पहले की सरकारों में राजनीतिक अस्थिरता के कारण महाराष्ट्र जिस तेजी से आगे बढ़ना चाहिए था उस तेजी से आगे नहीं बढ़ा। मुंबई महानगरी की चकाचौंध में महाराष्ट्र के दूर दराज के क्षेत्र, वहां के गरीब, किसान राजनीतिक अस्थिरता के शिकार हो गए।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि देवेंद्र जी ने 5 वर्ष अखंड और अविरत साधना करके महाराष्ट्र की सेवा की और राज्य को नई दिशा दी। अब महाराष्ट्र की जिम्मेवारी है की फिर एक बार देवेंद्र जी के नेतृत्व में स्थिर राजनीति का फायदा उठाना चाहिए।
जब लोकसभा का चुनाव हुआ, तो 60 साल के बाद पहली बार एक सरकार दोबारा चुनकर आई और पहले से ज्यादा बहुमत के साथ चुनकर आई। जब आप ताकत देते हैं तो सरकार कैसे काम करती है। हमारी सरकार के प्रथम 100 दिन का कार्यकाल इसका उदाहरण है।
केंद्र में नई सरकार को बनें 100 दिन पूरे हो चुके हैं और इस सरकार का पहला शतक आपके सामने है। इस शतक में धार भी है, रफ़्तार भी है और आने वाले 5 वर्षों की साफ़ सुथरी तस्वीर भी है।
हमने वादा किया था कि देश की सेना को सशक्त बनाने और अपने सैनिकों के सशक्तिकरण के लिए हर कदम उठाएंगे। हाल में दो महाशक्तिशाली हैलिकॉप्टर हमारी सैन्य शक्ति का हिस्सा बन चुके हैं, बहुत जल्द राफेल फाइटर जेट भी हमारी वायुसेना को सशक्त करेगा।
बुलेट प्रूफ जैकेट का कर रहे निर्यात
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले हमारे सैनिकों के पास बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं होती थी। लेकिन अब दुनिया के 100 से ज्यादा देशों को आज भारत में बनी बुलेट प्रूफ जैकेट निर्यात की जा रही है। भाजपा सरकार का मतलब ही है देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता। हमारे लिए देश से बड़ा कुछ नहीं है।
आचार संहिता कल हो सकती है लागू
हरियाणा-महाराष्ट्र चुनावों को लेकर कल आचार संहिता लागू हो सकती है। प्रधानमंत्री मोदी की रैली होने के बाद शुक्रवार को चुनाव आयोग प्रेस वार्ता कर इसकी घोषणा कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा और महाराष्ट्र में एक साथ चुनाव होंगे। इसके बाद झारखंड में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS