PM मोदी ने G20 के लोगो, थीम और वेबसाइट का किया अनावरण, बोले- 'वसुधैव कुटुम्बकम' हमारी करुणा का प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत के G20 प्रेसीडेंसी के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि यह लोगो, थीम और वेबसाइट भारत के संदेश और दुनिया के प्रति उसकी व्यापक प्राथमिकताओं को दर्शाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'वसुधैव कुटुम्बकम' विश्व के प्रति भारत की करुणा का प्रतीक है। कमल दुनिया को एक साथ लाने में भारत की सांस्कृतिक विरासत और विश्वास को चित्रित करता है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद एक दिसंबर से भारत G20 की अध्यक्षता करेगा। G20 ऐसे देशों का समूह है, जिनका आर्थिक सामर्थ्य विश्व की 85% GDP का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि G20 लोगो में कमल का प्रतीक आशा का प्रतिनिधित्व करता है। युद्ध से मुक्ति के लिए बुद्ध के जो संदेश हैं, हिंसा के प्रतिरोध में महात्मा गांधी के जो समाधान हैं। G20 के जरिए भारत उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊर्जा दे रहा है। G-20 का यह लोगो केवल एक प्रतीक चिन्ह नहीं है.. ये एक संदेश है, ये एक भावना है, जो हमारी रगों में है।
उन्होंने कहा कि ये एक संकल्प है, जो हमारी सोच में शामिल रहा है। इस लोगो और थीम के जरिए हमने एक संदेश दिया है। आज जब भारत G-20 की अध्यक्षता करने जा रहा है, तो ये आयोजन हमारे लिए 130 करोड़ भारतीयों की शक्ति और सामर्थ्य प्रतिनिधित्व है। उन्होंने इसके लिए सभी देशवासियों को बधाई दी।
बता दें कि G20 शिखर सम्मेलन 15-16 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली में होगा। भारत एक दिसंबर को मौजूदा अध्यक्ष इंडोनेशिया से शक्तिशाली समूह G20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS