Aditya L1 Mission: सूर्य मिशन लॉन्च होते ही 'सियासत' में चमक, पीएम मोदी-शाह समेत इन दिग्गजों ने दी बधाई

Aditya L1 Mission: सूर्य मिशन लॉन्च होते ही सियासत में चमक, पीएम मोदी-शाह समेत इन दिग्गजों ने दी बधाई
X
Aditya L1 Mission: आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से आज भारत ने सूर्य मिशन को रवाना किया है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने बधाई दी है। यहां पढ़ें सभी की प्रतिक्रियाएं...

Aditya L1 Mission: भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 की आज श्रीहरिकोटा से लॉन्चिंग सफलतापूर्वक हो गई है। इस लॉन्चिंग के साथ ही सियासत में भी चमक आ गई है। पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत सत्ता पक्ष के तमाम नेता और विपक्ष ने भी इस लॉन्चिंग के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। साथ ही, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट कर सूर्य मिशन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। पढ़िये किस नेता ने क्या कहा...

पीएम मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद, भारत ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा जारी रखी है। भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य-एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई। पीएम ने आगे लिखा कि संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए अंतरिक्ष की गहरी समझ विकसित करने के लिए हमारे प्रयास इसी तरह से जारी रहेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा कि भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य-एल1 का प्रक्षेपण एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जो भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष कार्यक्रम को एक नए पथ पर ले जाती है। इससे हमें अंतरिक्ष और खगोलीय घटनाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मैं इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई देती हूं। उन्होंने लिखा कि मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया ट्वीट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आदित्य एल-1 की सफलतापूर्व लॉन्चिंग के लिए इसरो की टीम को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि देश को भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य एल1 के सफल प्रक्षेपण पर गर्व और खुशी है। यह अमृत काल के दौरान अंतरिक्ष के क्षेत्र में पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के कदम को पूरा करने की दिशा में एक जरूरी और बड़ा कदम है।

कांग्रेस पार्टी ने दी शुभकामनाएं

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि ISRO ने देश को गौरवान्वित होने के अनेक मौके दिए हैं। चंद्रयान-3 के बाद ISRO ने आदित्य L-1 को सफलतापूर्वक लॉन्च कर फिर से देश का मान बढ़ाया है। देश के वैज्ञानिकों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर समस्त कांग्रेस परिवार को गर्व है। ISRO की पूरी टीम को शुभकामनाएं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर दी बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सूर्य मिशन की सफलता के लिए इसरो टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि हम अपने वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और अपने कड़ी मेहनत करने वाले कर्मियों के ऋणी और आभारी हैं। हम सब मिलकर उनकी सफलता का जश्न मनाते हैं।

Tags

Next Story