पीएम मोदी की मां हीराबेन की तबीयत पर राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने किया ट्वीट, जानें क्या कहा...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की अचानक तबीयत खराब हो गई। मां की तबीयत की खबर मिलते ही पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनकी मां की तबीयत को लेकर ट्वीट किया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी की मां के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मुझे उम्मीद है कि आपकी मां जल्द ही ठीक हो जाएंगी। राहुल के अलावा उनकी बहन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की मां के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
पीएम मोदी की मां हीराबेन को तबीयत खराब होने के बाद आनन-फानन में उन्हें मंगलवार देर रात अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी आज दोपहर अपनी मां को देखने अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अस्पताल पहुंच चुके हैं। प्रशासन ने अस्पताल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। पीएम की मां को लेकर अस्पताल ने हेल्थ बुलेटिन जारी किया है।
मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि पीएम मोदी की मां को अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी हालत स्थिर है। हीराबेन की तबीयत बिगड़ने की खबर जैसे ही मीडिया में आई, तो गुजरात के नेताओं का अस्पताल जाकर उनसे मिलने और उनका हाल जानने का सिलसिला शुरू हो गया। मंत्री से लेकर विधायक तक सभी अस्पताल का दौरा कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS