दिल्ली-जयपुर रूट पर जल्द शुरू होगी वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शताब्दी एक्सप्रेस का औचक निरीक्षण

दिल्ली-जयपुर रूट पर जल्द शुरू होगी वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शताब्दी एक्सप्रेस का औचक निरीक्षण
X
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से अजमेर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत की।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से अजमेर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यात्रा कर रहे यात्रियों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने कहा कि यात्री की प्रतिक्रिया है कि ट्रेन में साफ-सफाई पहले से अच्छी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली से जयपुर-अजमेर रूट पर भी वंदे भारत ट्रेन चलाने की पहल की जाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि जयपुर-अजमेर रूट पर 10 अप्रैल से पहले वंदे भारत की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस रूट में पहले ट्रायल रन होगा फिर इसे शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पीड और ट्रैक के रखरखाव को लेकर भी काम किया जाएगा।

बता दें कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इससे पहले भी कई बार ट्रेनों का औचक निरीक्षण करने निकल जाते हैं। इसके साथ वह यात्रियों से रेल संबंधी कई सवाल भी करते हैं। अश्विनी वैष्णव के इस तरह के औचक निरीक्षण के वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं। इसी कड़ी में आज रविवार को एक बार फिर उन्होंने नई दिल्ली से अजमेर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस का अचानक निरीक्षण किया। इसके भी कई फोटो और वीडियो अब सामने आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कई बोगियों में घूमते हुए बहुत से यात्रियों के साथ बातचीत भी की।

गौरतलब है कि देश के कई हिस्सों में वंदे भारत ट्रेन शुरू कर दी गई है। वंदे भारत ट्रेन में सफर करने पर लोगों को भी काफी आनंद आ रहा है। ये ट्रेन अंदर से किसी फ्लाइट से कम नजर नहीं आती। लोगों के किए ये वंदे भारत ट्रेन पहली पसंद बन गई है। इस ट्रेन में कम समय में लंबी दूरी का सफर करना लोगों को बहुत पसंद आ रहा है।

वहीं, जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शताब्दी एक्सप्रेस में लोगों से बातचीत कर रहे थे उसी दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली से जयपुर से अजमेर रूट में भी वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों से फीडबैक भी लिया।

Tags

Next Story