Rajasthan Election: तीतर सिंह ने नामांकन पत्र भरने को बेच दी बकरियां, 31 बार जमानत जब्त होने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत

Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों से लेकर निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपना नामांकन कर लिया है। राज्य में 25 नवंबर को मतदान होना है। इसके अलावा नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 9 नवंबर है। अब सभी नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। इस बीच एक ऐसा उम्मीदवार सामने आया है, जो 32वीं बार चुनाव लड़ रहा है। ये पढ़कर हैरान नहीं होना और न ही हम ये संख्या गलत लिख रहे हैं। ये बिल्कुल सच है, श्रीगंगानगर जिले के तीतर सिंह चुनाव जरूर हारे, लेकिन हिम्मत नहीं हारे।
दरअसल, राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार 78 वर्षीय तीतर सिंह इस बार अपना 32वां चुनाव लड़ रहे हैं। तीतर सिंह ने पिछले 50 साल में 31 चुनाव लड़े हैं, लेकिन हर चुनाव में उनकी जमानत जब्त हुई है। इसके बाद भी तीतर सिंह ने चुनाव लड़ना नहीं छोड़ा। ऐसे एक बार फिर तीतर सिंह चुनाव मैदान में हैं।
तीतर सिंह 1970 के दशक से राजस्थान में हर चुनाव लड़ रहे हैं। हर बार हार का सामना किया, लेकिन कभी निराश नहीं हुए। तीतर सिंह ने बताया कि वह चुनाव जीतकर गरीबों का उत्थान करना चाहते हैं, इस ख्वाहिश के साथ ही वह हर बार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतर जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि वह सबसे ज्यादा चुनाव लड़कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं।
चुनाव हमारे अधिकारों की लड़ाई- तीतर सिंह
तीतर सिंह ने कहा कि सरकार को सुविधाएं देनी चाहिए, यह चुनाव हमारे अधिकारों की लड़ाई है। इसको हासिल करने के लिए ही वह पंचायत, विधानसभा और लोकसभा तक हर चुनाव लड़ रहे हैं। ताकि एक दिन चुनाव जीतकर गरीबों का उत्थान कर सकें।
नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बेची बकरियां
तीतर सिंह में चुनाव लड़ने की ललक इस कदर है कि वह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पैसे नहीं होते हैं, तो उन्होंने घर का सामान और बकरियां तक बेच दीं। तीतर सिंह ने पांचवीं तक की पढ़ाई की है और मनरेगा मजदूर हैं।
2008 से 2018 तक मिले इतने वोट
बता दें कि 2008 विधानसभा चुनाव में तीतर सिंह को 938 वोट, 2013 में 427 वोट मिले और 2018 के विधानसभा चुनाव में 653 वोट मिले थे। ऐसे में एक बार फिर वह मैदान में उतरे हैं। अब देखने होगा कि तीतर सिंह की इस बार भी जमानत जब्त होती है या उनकी ख्वाहिश पूरी होती है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS