भगवान राम के मुस्लिम भक्त भी कर रहे उत्सव की तैयारी, कहा 5 अगस्त को हिंदू भाईयों के साथ मनाएंगे त्योहार

अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच कई मुस्लिम भक्तों ने भी इस मौके पर अपनी खुशियां जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के मंदिर के भूमि-पूजन के दौरान वो उत्सव मनाएंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
राम हमारे पूर्वज
भगवान राम के मंदिर के शिलान्यास के नाम से ही देशभर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। जानकारों का मानना है कि अगर दुनिया महामारी के चपेट में नहीं होती तो अयोध्या नगरी 5 अगस्त को दूसरा कुंभ बन जाती। बता दें कि इस अद्भुत मौके पर खुशियों ने धर्मों की दीवार भी तोड़ दी है। अयोध्या में राम मंदिर के शुरूआत पर भगवान राम के कुछ मुस्लिम भक्त भी काफी खुश नजर आ रहे हैं।
अयोध्या के ही रहने वाले जमशेद खान ने कहा है कि वो इस मौके को अच्छे से उत्सव की तरह मनाएंगे। उन्होंने कहा कि धर्म बदलने से उनके पूर्वज नहीं बदल सकते। राम उनके पूर्वज हैं और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण उनके लिए त्योहार जैसा है।
राम हमारे इमाम-ए-हिंद की संज्ञा
राम मंदिर के लिए सिर्फ जमशेद खान अकेले ही इतने खुश नहीं है। उन्हीं की तरह वसी हैदर ने भी भगवान राम को अपना पूर्वज बताया है। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म कबूल करके हमने सिर्फ अपना धर्म परिवर्तन किया है। और धर्म परिवर्तन से पूर्वज नहीं बदल जाते। उन्होंने कहा कि हम बहुत किस्मत वाले हैं जो हमें राम मंदिर का निर्माण देखने का मौका मिला है। वहीं एक अन्य शख्स हाजी सईद ने भगवान राम को इमाम-ए-हिंद कहा। उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम समुदाय के लोग भगवान राम को इमाम-ए-हिंद के नाम से बुलाते हैं।
एक अन्य भक्त रशीद अंसारी ने राम जन्मभूमि के मंदिर में प्रवेश की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि शिलान्यास के मौके पर मैं भगवान राम के मंदिर में जाऊं। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारणवश मुझे ये मौका नहीं मिल पाता है तो मैं भगवान राम के मंदिर निर्माण के शिलान्यास के लिए यहीं से खुशियां मनाऊंगा।
होगी लाइव स्ट्रीमिंग
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को राम मंदिर का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास समारोह के लिए अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रम की सरकारी चैनल दूरदर्शन पर लाइव स्ट्रीम भी की जाएगी।
150 लोगों को न्योता
5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के भूमि पूजन समारोह के लिए जिन लोगों को आमंत्रित किया जा रहा हैं, उनमें भाजपा के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और आरएसएस चीफ मोहन भागवत का नाम शामिल है। ट्रस्ट ने कहा है कि इस दौरान उपस्थित होने के लिए 150 लोगों को न्योता दिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS