रेमडेसिविर निर्माता कंपनियां राज्यों को देंगी 53 लाख इंजेक्शन

रेमडेसिविर निर्माता कंपनियां राज्यों को देंगी 53 लाख इंजेक्शन
X
कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के इलाज में उपयोग की जाने वाली इंजेक्शन रेमडेसिविर का विपणन करने वाली कंपनियां 16 मई तक राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों को 53 लाख शीशी इंजेक्शन मुहैया कराएगी।

कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के इलाज में उपयोग की जाने वाली इंजेक्शन रेमडेसिविर का विपणन करने वाली कंपनियां 16 मई तक राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों को 53 लाख शीशी इंजेक्शन मुहैया कराएगी। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि आपूर्ति योजना के अनुसार सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें।

मंत्रालय ने कहा कि आवंटन की तय व्यवस्था के तहत शुक्रवार को राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को इंजेक्शन की आपूर्ति का विवरण भेज दिया गया है। इस योजना को विपणन कंपनियों के परामर्श के बाद तैयार किया गया है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा ने शुक्रवार को कहा कि रेमडेसिविर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को दवा का आवंटन 16 मई तक किया गया है।

कोविड-19 संक्रमण बढ़ने से रेमडेसिविर की मांग कई गुना बढ़ गई है। सरकार ने रेमेडेसिविर बनाने में प्रयुक्त किए जाने वाली कई सामग्रियों पर सीमा शुल्क माफ कर दिया है। रेमडेसिविर की बढ़ती मांग के मद्देनजर केंद्र सरकार 11 अप्रैल को इस इंजेक्शन व इसमें प्रयुक्त औषधीय रसायनों के निर्यात पर पाबंदी लगा चुकी है।

16 मई तक होगी आपूर्ति

मंत्रालय ने कहा कि आपूर्ति योजना के मुताबिक, जायडस कैडिला 16 मई तक की अवधि के दौरान राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को रेमडेसिविर की कुल 9,82,100 शीशियों की आपूर्ति और हेटेरो 17,17,050 शीशियों की आपूर्ति करेगी।

ये कंपनियां देगी इंजेक्शन

इस अवधि में माइलान को 7,28,000 शीशी और सिप्ला को 7,32,300 शीशियों की आपूर्ति करनी है। इस दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जुबिलेंट 4,45,700 शीशियों की, सिंजेन/ सन 3,73,000 शीशियों की और डॉ रेड्डीज 3,21,850 शीशियों की आपूर्ति करेगी।



Tags

Next Story