Shivpal Singh Yadav: यूपी की राजनीति के चाणक्य रहे हैं शिवपाल सिंह यादव, भाई से मिली जीत तो भतीजे से मिली थी हार, इतनी संपत्ति के हैं अकेले मालिक

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections) में मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के छोटे भाई और अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) का जिक्र न हो, ऐसा हो नहीं सकता है। यूपी की राजनीति के चाणक्य कहने जाने वाले शिवपाल यादव पांच बार विधायक रहे हैं। समाजवादी पार्टी को बनाने और उसे आगे ले जाने में शिवपाल यादव ने कड़ी मेहनत की। जब भी समाजवादियो का जिक्र होता है तो शिवपाल यादव को जरूर याद किया जाता है।
कौन हैं शिवपाल यादव
मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव का सक्रिय राजनीति में अहम योगदान रहा है। वह समाजवादी पार्टी में अध्यक्ष से लेकर सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री तक की जिम्मेदारियां निभाई हैं। उत्तर प्रदेश के इटावा में जन्में शिवपाल यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के नेता हैं। वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पांच भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। शिवपाल सिंह यादव का जन्म 6 अप्रैल 1955 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था।
कितना पढ़े लिखे हैं शिवपाल यादव
शिवपाल यादव के पिता एक किसान थे और माता एक गृहिणी थीं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए जैन इंटर कॉलेज, करहल, मैनपुरी में प्रवेश लिया, जहाँ उन्होंने 1972 में हाई स्कूल और 1974 में इंटरमीडिएट पास किया। फिर 1976 में केके डिग्री कॉलेज इटावा से स्नातक किया और अपनी बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन को आगे बढ़ाने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय चले गए।
शिवपाल यादव का राजनीतिक करियर
शिवपाल यादव पहली बार 1996 में जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य बने। बाद में 2003 में यादव मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली यूपी सरकार में कैबिनेट सदस्य बने। अखिलेश यादव की सरकार में शिवपाल यादव को 2012 में फिर से कैबिनेट मंत्री बनाया गया। 2009 में जब यूपी के तत्कालीन सपा अध्यक्ष का निधन हुआ। तो शिवपाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मायावती के मुख्यमंत्री रहने पर उन्हें विपक्ष के नेता के रूप में भी नियुक्त किया गया था। 2016 में नेता को समाजवादी पार्टी के राज्य प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। हालांकि, उन्होंने पार्टी के आंतरिक झगड़ों के कारण उत्तर प्रदेश सरकार में पार्टी के सभी पदों और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद सपा छोड़कर अपनी नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की स्थापना की।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है। लेकिन उनकी पत्नी उनसे भी ज्यादा अमीर हैं। बीते 5 सालों में शिवपाल की संपत्ति में तीन गुना इजाफा हुआ है। हलफनामे में बताया गया है कि उनके पास 97,500 रुपये, पत्नी के पास 1,45,750 रुपये नकद हैं। सोने के आभूषण हैं। नौ एकड़ कृषि भूमि है। लखनऊ में कमर्शियल प्लॉट है। शेयर मार्किट में 36,94,360 रुपये का निवेश किया गया है। लेकिन वहीं कई कंपनियों पर कर्जा भी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS