पंजाब में सुखबीर बादल की रैली में किसानों का पथराव, वाहनों में तोड़फोड़, कई पुलिसकर्मी घायल

पंजाब में सुखबीर बादल की रैली में किसानों का पथराव, वाहनों में तोड़फोड़, कई पुलिसकर्मी घायल
X
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अकाली दल के सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल की मोगा में सुबह 10 बजे रैली थी। रैली में कार्यकर्ता न पहुंच सकें, इसके लिए उपद्रवियों ने मुख्य मार्गों को सुबह से ही जाम कर दिया था।

पंजाब के मोगा में शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal) के सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) की रैली के दौरान किसानों ने जमकर बवाल काटा। कृषि कानूनों (Agricultural Laws) को वापस कराने की मांग लेकर रैली स्थल पर पहुंचे किसानों ने जहां कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए, पुलिस पर भी पथराव (Stone Pelting On Police) किया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को भी हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिरोमणि अकाली दल के सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल की मोगा में सुबह 10 बजे रैली थी। किसानों ने पहले से तय कर रखा था कि रैली में विरोध दर्ज कराना है। रैली में कार्यकर्ता न पहुंच सकें, इसके लिए उपद्रवियों ने मुख्य मार्गों को जाम कर दिया था। फिर भी जैसे-तैसे कार्यकर्ता रैली स्थल तक पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का विरोध देखते हुए सुखबीर बादल भी करीब 20 मिनट संबोधन के बाद वहां से चले गए।

इसके बाद जब उनके कार्यकर्ता रैली स्थल से बाहर निकले तो प्रदर्शनकारियों ने भद्दी गालियां और इशारे करने शुरू कर दिए। प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने जब हालात नियंत्रित करना चाहा तो उन्होंने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। एक बार तो पुलिस को भी अपने कदम वापस लेने पड़े। बाद में पुलिस ने उपद्रवियों पर काबू पाया और उन्हें तितर बितर करने में कामयाब रही। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के तो सिर तक फूट गए।

मोगा के एसपी गुरदीप सिंह ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल को दाना मंडी में रैली को संबोधित करना था। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस जवानों पर अटैक किया, जिसमें कुछ घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने करीब 15 वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात अभी काबू में हैं।

Tags

Next Story