Himachal CM: सुखविंदर सुक्खू हिमाचल का सीएम मनोनीत होने पर जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे, वजह बेहद ही खास

भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में भले ही कांग्रेस को धूल चटा दी हो, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस ने बाखूबी पलटवार भी किया है। खास बात है कि कांग्रेस ने हिमाचल में सीएम कुर्सी को लेकर मचे घमासान को दो दिन के भीतर शांत करा दिया है। यही नहीं, शपथ ग्रहण समारोह की बात करें तो यहां भी कांग्रेस बीजेपी से आगे निकलती दिखाई दे रही है। इसी बीच, एक और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल का सीएम मनोनीत होने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुजरात के मनोनीत भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को शपथ लेंगे। वहीं कांग्रेस ने 11 दिसंबर को ही शपथ ग्रहण समारोह का दिन तय कर दिया है। वह भी उस स्थिति में, जब आज पूरा दिन सीएम चेहरे को लेकर घमासान जारी था। जानकार बताते हैं कि कांग्रेस ने बड़े ही चालाकी भरे अंदाज से सभी को संतुष्ट किया। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती सीएम की सबसे प्रबल दावेदार प्रतिभा सिंह को संतुष्ट करना था। चूंकि प्रतिभा सिंह विधायक नहीं थी और केवल सांसद थीं, लिहाजा उनकी दावेदारी कमजोर मानी गई। दरअसल, प्रतिभा सिंह को सीएम बनाने के लिए उन्हें विधानसभा चुनाव लड़वाना जरूरी था, लेकिन कांग्रेस उपचुनाव कराने के मूड में नहीं है। यही वजह रही कि उनकी दावेदारी को कमजोर माना गया।
प्रतिभा सिंह चाहती थीं कि उनके बेटे विक्रमादित्य को डिप्टी सीएम बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने सीएम पद के लिए अपने समर्थक मुकेश अग्निहोत्री का नाम भी आगे बढ़ाया, लेकिन हाईकमान ने मुकेश अग्निहोत्री के डिप्टी सीएम पर तो मुहर लगा दी, लेकिन विक्रमादित्य को डिप्टी सीएम बनाने पर फैसला नहीं हुआ। प्रतिभा सिंह की तीसरी बड़ी मांग थी कि उनके गुट के विधायकों को मंत्रिमंडल में अधिक जगह मिलनी चाहिए। अब जब कैबिनेट का गठन होगा, तभी पता चल पाएगा कि प्रतिभा सिंह यह मांग भी पूरी कराने में सफल रहती हैं या असंतुष्ट।
सरकार बनाने का दावा पेश किया
कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनाने के लिए राज्यपाल से मिलकर दावा पेश किया। इस दौरान सुखविंदर सुक्खू के साथ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और ऑब्जर्वर छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा मौजूद रहे। कल शिमला के रिज मैदान में दोपहर डेढ़ बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल के मनोनीत सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और कई अन्य नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। pic.twitter.com/QQ8qh5Uyim
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 10, 2022
जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू
हिमाचल के मनोनीत सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के अन्य नेता पूर्व सीएम जयराम ठाकुर से मिलने उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। जयराम ठाकुर ने इस मुलाकात के बाद मीडिया के समक्ष कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट है। ये मेरे आवास पर आएं हैं, जो कुछ दिनों के बाद इनका आवास होने वाला है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर हम सबका एक लक्ष्य है कि हम हिमाचल के लोगों की सेवा कर सकें और हम मिलकर करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS