Sunday Special : कोरोना नहीं डाल पाएगा आस्था में व्यवधान, लॉकडाउन लगा तो भी आमने-सामने होंगे भक्त और भगवान, जानिये कैसे

इंसान सुख में भले ही याद करे या न करे, लेकिन दुख में उसे केवल भगवान का ही आसरा रहता है। शायद यही कारण है कि कोरोना की बेकाबू होती दूसरी लहर के बावजूद अगर चुनावी रैलियों को छोड़ दिया जाए तो सबसे ज्यादा भीड़ धार्मिक स्थलों पर ही नजर आ रही है। लोग धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए कई महीने पहले ही बुकिंग करा लेते हैं, लेकिन अब जबकि दोबारा से संपूर्ण लॉकडाउन लगने का अंदेशा जताया जा रहा है तो आगामी दिनों में धार्मिक यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को मायूसी जरूर होगी।
अगर आप भी ऐसी ही किसी धार्मिक यात्रा पर जाने वाले हैं तो बता दें कि कोरोना आपके और आपकी आस्था के बीच कोई व्यवधान पैदा नहीं कर पाएगा। आप लॉकडाउन लगने पर भी अपने इष्ट देव के दर्शन कर पाएंगे। दरअसल, देश के सभी प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से ज्यादातर में ऑनलाइन दर्शन की सुविधा मुहैया हो चुकी है। ऐसे में आप भी ऑनलाइन दर्शन करके अपने इष्ट देव का आर्शीवाद ले सकते हैं। इस रिपोर्ट में हम कुछ धार्मिक स्थलों के बारे में बताएंगे, जहां पिछले लॉकडाउन के दौरान भी भगवान और भक्त के बीच कोरोना आड़े नहीं आ सका था और न ही इस बार आ पाएगा।
1. माता वैष्णो देवी धाम, जम्मू
मां वैष्णो देवी के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। कटरा स्थित मां वैष्णो धाम में भी पाबंदियां लागू हो गई हैं। कोरोना के चलते तीन दिन पहले यहां भक्तों की ओर से गुफा के भीतर प्रसाद चढ़ाने और पुजारी द्वारा भक्तों के माथे पर तिलक लगाने पर रोक लगा दी गई है, लेकिन यात्रा पर अभी भी रोक नहीं लगी है। अगर लॉकडाउन (Lockdown) लगने के बाद यात्रा पर रोक लगती है तो भी भक्त ऑनलाइन मां के दर्शन कर सकते हैं। खास बात है कि वेबसाइट और ऐप के अलावा श्रद्धा चैनल पर भी मां की आरती का लाइव प्रसारण किया जाता है। दर्शन का समय सुबह 6:30 बजे से शाम 7.20 बजे तक है।
2़. शिर्डी का साईं मंदिर, मुंबई
महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईंबाबा मंदिर को छह अप्रैल की रात आठ बजे से बंद कर दिया गया है, लेकिन अभी भी यहां पर धार्मिक अनुष्ठान और पूजन चल रहा है। मंदिर के केवल कपाट बंद हुए हैं, लेकिन आप ऑनलाइन साईं बाबा के दर्शन कर सकते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले लॉकडाउन में भी प्रतिदिन 30 से 40 हजार लोगों ने ऑनलाइन ही साईं बाबा के दर्शन किए। मोबाइल ऐप, टाटा स्काई, जियो टीवी पर भी ऑनलाइन दर्शन की सुविधा दी गई थी। दर्शन का समय सुबह पांच बजे से दस बजे तक का है।
3. सिद्धि विनायक मंदिर, मुंबई
मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर को भी कोरोना के चलते 5 से 30 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया गया है, लेकिन यहां भी लाइव पूजन का प्रसारण और दर्शन की सुविधा जारी है। पिछले लॉकडाउन में रोजाना औसतन तीन लाख लोगों ने ऑनलाइन आकर ही दर्शन किया। मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक वेबसाइट के अलावा जियो, यू-ट्यूब, फेसबुक पेज पर भी लाइव दर्शन की सुविधा उपलब्ध है। दर्शन करने का समय सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक का है।
4. सोमनाथ मंदिर, गुजरात
गुजरात के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोमनाथ मंदिर के कपाट भी आज से बंद हो गए हैं, लेकिन ऑनलाइन दर्शन की सुविधा यहां भी चलती रहेगी। पहली बार जब लॉकडाउन लगा था तो उस वक्त यहां एक महीने के दौरान देश-विदेशों से करीब ढाई करोड़ लोगों ने ऑनलाइन दर्शन किए थे, जबकि पहले यह आंकड़ा तीन से चार लाख ही हुआ करता था। सोमनाथ मंदिर में दर्शन का समय सुबह छह बजे से शाम साढ़े सात बजे का है।
इन मंदिरों में भी ऑनलाइन दर्शन की सुविधा
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, मथुरा के बांके बिहारी मंदिर, हिमाचल के चिंतपूर्णी माता मंदिर, उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन भी ऑनलाइन कर सकते हैं। इसके अलावा चार धाम (बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमनोत्री) के ऑनलाइन दर्शन भी कर सकते हैं। चार धाम विकास परिषद के मुताबिक ऑनलाइन पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को मंत्रोच्चारण का ऑडियो सुनाया जाएगा। साथ ही मंदिर के बाहर के प्रांगण और बाहर होने वाली आरती दिखाई जाएगी, लेकिन मंदिर के गर्भ गृह की कोई तस्वीर या वीडियो दिखाने पर रोक है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS