Tokyo Olympic: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीता, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी बधाई

Tokyo Olympic: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 41 वर्ष के बाद भारत ने हॉकी में कोई मेडल अपने नाम किया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पीएम नरेंद्र मोदी ने हार्दिक बधाई दी है। जानकारी के अनुसार, भारत और जर्मनी के बीच गुरुवार को ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मैच में तीसरे क्वार्टर तक जर्मन टीम पर 5-3 की बढ़त बनाई हुई थी। चौथे क्वार्टर में जर्मनी ने एक गोल दागा, लेकिन तब भी भारत की बढ़त बरकरार रही। इसी के साथ भारत ने 5वां मेडल पक्का कर लिया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा देश के कई नेताओं ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने पुरुष हॉकी टीम को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर एकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं की कल्पना पर कब्जा कर लिया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के जीतने पर देश में जश्न का माहौल
पुरुष हॉकी मे भारत द्वारा कांस्य पदक जीतने के बाद अमृतसर में हॉकी खिलाड़ी गुरजंत सिंह के घर पर खुशियां मनाई गईं। गुरजंत सिंह की मां ने बताया, "हमें बहुत खुशी है कि खिलाड़ियों ने आज का मैच जीत लिया। इन्होंने पंजाब और भारत का नाम रोशन कर दिया। वहीं पंजाब के जालंधर में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह की मां ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि 41 साल बाद भारत जीती है ये बहुत खुशी की बात है। भगवान ने मेरी अरदास सुन ली।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत इन नेताओं ने दी हॉकी टीम को बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। ये ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगा।
वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम को बहुत बधाई जिन्होंने 135 करोड़ भारतीयों के चेहरे पर खुशी लाईं। टीम ने अपने प्रदर्शन से पदक जीतकर 135 करोड़ भारतीयों का दिल भी जीता है। 41 साल बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक बार फिर मेडल जीता है इसके लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 41 साल के लंबे समय के बाद हमें ओलंपिक पदक दिलाने के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। ये ऐतिहासिक जीत खिलाड़ियों की पीढ़ी को प्रेरित करेगी। जानकारी के लिए आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भारतीय हॉकी टीम को जीत की बधाई दी है। इनके अलावा भी विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हॉकी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और देश में जश्न का माहौल है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS