H9N2 Virus: 'भारत किसी भी स्थिति के लिए तैयार', चीन में फैली बीमारी को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा बयान

H9N2 Virus: भारत किसी भी स्थिति के लिए तैयार, चीन में फैली बीमारी को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा बयान
X
H9N2 Virus: भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है कि वह चीन में H9N2 के मामलों और बच्चों में तेजी से फैल रही सांस की बीमारी पर बारीकी से नजर रख रहा है। पढ़ें रिपोर्ट...

H9N2 Virus: चीन में कोरोना के बाद एक और बीमारी सामने आ गई है। चीन में रहस्यमयी निमोनिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। जिसके कारण अस्पताल में भर्ती बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मरीजों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को चिंता में डाल दिया है। केंद्र सरकार चीन में फैल रहे निमोनिया जैसे लक्षणों वाले एच9एन2 वायरस और फ्लू के मामलों की निगरानी कर रही है। इनके भारत में फैलने की संभावना कम है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा भारत में चीन से सामने आए एवियन इन्फ्लूएंजा के मामलों और श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा कम है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तरी चीन में बच्चों में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चीन में H9N2 पर ध्यान दिया है। इस बीमारी में मृत्यु दर कम हैं। भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ किया कि भारत फिलहाल किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। खासकर कोरोना के बाद देश ने हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है।

मरीजों की बढ़ती संख्या चिंताजनक

चीन को कोविड-19 के बाद एक और स्वास्थ्य आपातकाल का सामना करना पड़ रहा है। एक रहस्यमय निमोनिया का प्रकोप स्कूलों में फैल गया है और इससे अस्पताल बीमार बच्चों से भर गए हैं। इससे वैश्विक स्वास्थ्य विशेषज्ञों में चिंता पैदा हो गई है। इस बीमारी का केंद्र बीजिंग और लियाओनिंग शहर हैं, जहां बाल चिकित्सा अस्पतालों को भारी संख्या में बीमार बच्चों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ स्कूलों में कक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। यह स्थिति कोविड-19 के शुरुआती दिनों की याद दिलाती है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मांगी जानकारी

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी अलर्ट कर दिया है। वह पहले ही चीन से अधिक जानकारी मांग चुका है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि तीन साल के समयकाल में चीन में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियां बढ़ी हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि इन्फ्लूएंजा के प्रकोप और कोविड-19 जैसे सामान्य जीवाणु संक्रमण के कारण बच्चों को प्रभावित करने वाली श्वसन संबंधी बीमारियों में बढ़ोतरी हुई है, जिसमें माइकोप्लाज्मा निमोनिया भी शामिल है।

Tags

Next Story