केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोलेः लिंचिंग की घटनाओं को ना दें 'सांप्रदायिक' और 'राजनीतिक' रंग

देश में मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का बयान सामने आया है। नकवी ने शनिवार को कहा कि भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डालने की घटनाओं को सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए या उनका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
नकवी ने मुंबई के हज हाउस के नए हॉल के उद्घाटन करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि भीड़ द्वारा पीट पीटकर मार डालना एक आपराधिक विषय है। यह अत्यंत निंदनीय है और किसी को भी उसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। नकवी की यह बयान बीते सप्ताह झारखंड में 24 वर्षीय व्यक्ति की लिंचिंग की घटना को देखते हुए आई है।
बता दें कि तबरेज अंसारी नाम के एक युवक को झारखंड के सरायकेला खरसांवा जिले में चोरी के शक में भीड़ ने कथित रूप से एक खंबे से बांधकर पीटा था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में व्यक्ति को कथित रूप से जय श्रीराम और जय हनुमान बोलने के लिए बाध्य करते हुए देखा गया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नकवी ने कहा कि बहुसंख्यक हिंदू सम्प्रदाय के सौहार्द्र और सहिष्णुता की संस्कृति ने भारत के लोकतांत्रिक धर्मनिरपेक्षता के आधार का निर्माण किया और उसे मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक देश है क्योंकि बंटवारे के बाद पाकिस्तान ने एक इस्लामी देश बनना चुना जबकि भारत में बहुसंख्यक हिंदू समुदाय ने धर्मनिरपेक्षता का रास्ता चुना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाषा, आस्था, भोजन और रहन सहन में विविधता के बावजूद भारत की संस्कृति एक मजबूत रिश्ते से एकजुट रही। आज, भारत में अल्पसंख्यक धार्मिक और सामाजिक आजादी के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की मजबूत समावेशी संस्कृति, एकता और सौहार्द्र ने आतंकवाद और मानवता के अन्य शत्रुओं को परास्त किया है। हमारे समाज की एकता के प्रति प्रतिबद्धता के चलते अलकायदा और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी समूह अपने नापाक इरादों में सफल नहीं हो पाये।
उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम समुदाय अच्छी तरह से जानता है कि आतंकवाद पूरी मानवता और इस्लाम के लिए सबसे बड़ा दुश्मन है।
नकवी ने कहा कि हमें यह सुनिश्चत करने के लिए सावधान रहना चाहिए कि कोई भी नकारात्मक एजेंडा समावेशी विकास और साहार्द्र के वातावरण को खराब करने में सफल नहीं हो। हमें धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र को हमारी ताकत बनाना है, कोई कमजोरी नहीं।
मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब रिकार्ड दो लाख मुस्लिम इस वर्ष बिना सब्सिडी के हज पर जाएंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS