Bihar News: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के काफिले पर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव, बाल-बाल बचे...जानें पूरा मामला

Bihar News: बिहार के बक्सर (Buxar) में केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Choubey) के काफिले पर पथराव किया गया है। इस दौरान उन्हें लोगों के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा है। गुस्साए लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की है। लोगों ने अश्विनी चौबे मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे को सुरक्षाकर्मियों ने घेरा बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
बता दें कि केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे बक्सर-चौसा के बनारपुर में थर्मल पावर प्लांट में आगजनी होने के बाद किसानों से बातचीत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कुछ देर किसानों से बातचीत की, लेकिन यहां उमड़ी भीड़ अचानक उग्र हो गई और सांसद के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। केंद्रीय राज्यमंत्री बक्सर से ही सांसद भी हैं।
गौरतलब है कि बिहार के बक्सर में किसान जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल, बक्सर के चौसा गांव में सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) के थर्मल पावर प्लांट के लिए जमीन का अधिग्रहण किया है। किसान इसका उचित और सही मुआवजा देने की मांग रहे हैं। मंगलवार देर रात पुलिस ने किसानों के घर में घुसकर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया था। इस कारण भी किसानों में नाराजगी दिखाई दे रही है।
किसानों का आरोप है कि पुलिस ने देर रात घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों पर भी बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई थीं। किसानों के परिजन इस लाठीचार्ज की घटना का वीडियो शेयर कर पुलिस पर बर्बरता करने का आरोप लगा रहे हैं। बता दें कि मंगलवार रात घर में घुसकर किए गए लाठीचार्ज के बाद किसान भड़क गए और उन्होंने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
इसके अलावा किसानों ने चौसा पावर प्लांट में भी तोड़फोड़ की थी। इसके खिलाफ किसानों ने मोर्चा खोल दिया और जमकर प्रदर्शन किया। किसानों ने बसों में आग लगा दी, पुलिस की गाड़ियां में आग लगा दी। बता दें कि किसान पिछले दो महीने से मुआवजे की मांग को लेकर यहां आंदोलन कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS