जम्मू-कश्मीर में राहुल की यात्रा से जुड़ेंगे पूर्व मंत्री लाल सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा, महबूबा बोलीं- मुझे फर्क नहीं पड़ता

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा कल यानी 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में एंट्री कर लेगी। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 30 जनवरी को विशाल रैली के साथ संपन्न हो जाएगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी कई बार निशाने पर आए, लेकिन यात्रा के अंतिम दौर के दौरान जो कुछ हुआ, उससे पार्टी के भीतर भी हड़कंप मच गया है। दरअसल, कठुआ कांड के आरोपियों के समर्थन में रैली करने वाले जम्मू कश्मीर के पूर्व मंत्री लाल सिंह को यात्रा में शामिल होने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया है। इससे आहत होकर कांग्रेस प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता और कठुआ रेप मामले में वकील रह चुकी दीपिका पुष्कर नाथ ने ट्विटर पर लिखा कि चौधरी लाल सिंह को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया, जिसके बाद मेरे लिए इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। उनका कहना है कि लाल सिंह 2018 में बलात्कारियों का खुलकर बचाव करके कठुआ बलात्कार मामले को विफल करने के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने आगे लिखा, 'लाल सिंह ने बलात्कारियों को बचाने के लिए जम्मू-कश्मीर के पूरे क्षेत्र को बांट दिया था और भारत जोड़ो यात्रा बिलकुल इसके विपरीत है। यात्रा का उद्देश्य देश को जोड़ना है। वैचारिक आधार में मैं ऐसे किसी भी व्यक्ति के साथ कोई मंच शेयर नहीं कर सकती।'
मुफ्ती बोलीं- मुझे फर्क नहीं पड़ता
2018 में कठुआ मामले के दौरान जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी गठबंधन वाली सरकार थी। चौधरी लाल सिंह तत्कालीन सीएम महबूबा मुफ्ती सरकार में वन मंत्री थी। लाल सिंह ने कठुआ कांड के आरोपियों के समर्थन में रैली निकाली थी, जिसके बाद महबूबा मुफ्ती ने लाल सिंह को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया था। अब लाल सिंह के कांग्रेस यात्रा में शामिल होने पर महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी भारत को एकजुट करने के लिए यात्रा कर रहे हैं। मेरे लिए यह मायने नहीं रखता कि कौन उनके साथ जुड़ रहा है या उसका क्या मकसद है?"
राजनीति पर क्या होगा इसका असर
कठुआ कांड ने देश को हिलाकर रख दिया था। कांग्रेस ने बीजेपी और पीडीपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि कठुआ कांड के आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। अब कठुआ कांड के आरोपियों के समर्थन में रैली निकालने वाले लाल सिंह के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के प्रस्ताव से पार्टी के भीतर हड़कंप मचा है। वहीं, विरोधी दलों को भी इस यात्रा के उद्देश्य पर और राहुल गांधी की मंशा को लेकर सवाल उठाने की वजह मिल गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS