Puducherry: वी. नारायणसामी आज साबित करेंगे बहुमत, क्या कांग्रेस गंठबंधन बचा पाएगी सरकार?

पुडुचेरी में वी. नारायणसामी के साथ कांग्रेस की गठबंधन सरकार को आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास करने की चुनौती का सामना करना है। राज्य सरकार बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से नीचे आकर 12 पर पहुंच गई है। विधानसभा की कुल संख्या 33 है। कांग्रेस विधायक के लक्ष्मीनारायणन और डीएमके के विधायक वेंकटेशन ने रविवार को अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी। उस समय तक विपक्ष के पास 14 विधायकों का साथ था। विधानसभा में कुल सात विधायकों के इस्तीफे के बाद अब 26 का कुल आंकड़ा है। इस तरह से बहुमत का आंकड़ा 14 पहुंच गया है।
कांग्रेस के चार विधायक, जिसमें पूर्व मंत्री ए नमशिवयम और कृष्णा राव भी शामिल हैं, पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, एक विधायक को पिछले साल पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निकाल दिया गया था। उपराज्यपाल टी. सुंदरराजन ने आज शाम 5 बजे तक विधानसभा में फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया है। ताजा राजनीतिक समीकरण और विधानसाभा के गणित इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि नारायणसामी के लिए सरकार बचाना मुश्किल चुनौती होगी। चार विधायकों के इस्तीफे के बाद नारायणसामी की नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
ऐसा लग रहा है कि पुडुचेरी में खड़ा हुआ राजनीतिक संकट दो राष्ट्रीय पार्टियों के बीच लड़ाई का नतीजा है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने 18 फरवरी को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।
वहीं, इस मसले पर राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कांग्रेस इस संकट को एक भावनात्मक मुद्दे में बदल सकती है। राजनीतिक टिप्पणीकार रवींद्रन दुरीसामी ने कहा, ''यह स्पष्ट है कि नारायणसामी विश्वास मत जीतने में सक्षम नहीं होंगे, इसलिए वे अपनी उपलब्धियों और आगामी चुनाव की बातों को उजागर करने के लिए फ्लोर टेस्ट का उपयोग कर सकते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS