दिल्ली: बारिश में 156 जगहों पर है जलभराव की समस्या, आठ साल बाद भी हालात जस के तस

- थोड़ी सी बारिश में ही लोगों को कई सड़कों पर जलभराव और जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा।
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चिन्हित की है जगहें
- आठ साल बाद भी सिविक एजेंसियां नहीं कर पाई इन जगहों को दुरुस्त
निर्देश तोमर/ दिल्ली हरिभूमि
बारिश के बाद सोमवार को राजधानीवासियों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़क पर उनकी परेशानी भी बढ़ गई। थोड़ी सी बारिश में ही लोगों को कई सड़कों पर जलभराव और जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा। लेकिन यातायात पुलिस की एप्प और वेबसाइट कुछ हद तक लोगों की समस्या को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। मोबाइल एप्प या दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर ट्रैफिक यूनिट के सेक्शन पर जाकर लोग जलभराव और जाम प्रभावित इलाकों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। ऐसा करने से काफी हद तक जाम की परेशानी से बचा जा सकता हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, राजधानी में 156 जगह ऐसी है, जहां बारिश के बाद जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। यातायात पुलिस ने इन सड़कों और प्वाइंट्स की जानकारी दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर delhipolice.gov.in पर उपलब्ध करवाई है। जहां जलभराव की समस्या अक्सर देखी जाती है। फिलहाल, यातायात पुलिस ने ऐसी 156 जगहों को चिन्ह्ति किया हैं।
यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि जिन सड़कों और प्वाइंट का पता लगाया गया है। वहां अक्सर बारिश में पानी जमा होता है। जाम का कारण बनता है। कई बार जलभराव के कारण गाड़ियां बंद भी हो जाती हैं, तो परेशानी और भी बढ़ जाती है। पुलिस की तरफ से इन जगहों की सूची सिविक एजेंसियों से साझा की गई ताकि जलभराव की जगहों को दुरूस्त किया जा सके।
यातायात पुलिस की वेबसाइट और एप्प पर जलभराव वाली सभी जगहों के नाम दिये गये हैं। वाहन चालक वेबसाइट पर दी गई जानकारी देखकर ऐसी सड़कों से बचकर अपने कीमती समय का सदुपयोग कर सकते हैं। राजधानी में ऐसी कई मुख्य सड़कें भी जहां जलभराव की समस्या आती है। इनमें सौ फुटा टी प्वाइंट अनुव्रत मार्ग, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, हकीकत नगर, अधचिनी टी प्वाइंट, आनंद पर्वत रोड नजदीक गली नंबर 10, एमजी रोड पर अंधेरिया मोड़, एंड्रयूजगंज- रिंग रोड क्रॉसिंग, अनुव्रत मार्ग से कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन, अर्चना टी प्वाइंट, आश्रम चौक से मूलचंद तक, सी 9 वसंत कुंज, मोती बाग फ्लाईओवर, आजाद मार्केट चौक, अरबिंदो मार्ग, बदरपुर से आश्रम, मुकरबा चौक से आजादपुर, बर्फखाना से तीस हजारी, भैरो रोड रेलवे ब्रिज के नीचे, धौला कुआं अंडरपास/फ्लाईओवर, द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन, द्वारका अंडरपास, ज्वालाहेडी अंडरपास, लाजवंती चौक से मायापुरी चौक, महिपालपुर- महरौली रोड, मीराबाग अंडरपास, मुनिरका सबवे, मोतीबाग चौक, मेहरम नगर से आईजीआई, नांगलोई चौक, ओल्ड साकेत कोर्ट कॉम्पलैक्स, पंखा रोड, पुलिस मुख्यालय का आउट गेट, पुराना किला, पंजाबी बाग फ्लाईओवर अंडरपास, वजीराबाद से मजनूं का टीला और विकासमार्ग चुंगी अंडरपास ऐसी सड़कें शामिल हैं।
आठ साल बाद भी जलभराव वाली जगहें नहीं हो पाई दुरुस्त
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन सड़कों को आठ साल पहले चिन्हित किया गया था। आज भी ये जगह सिविक एजेंसियों के निकम्मेपन के कारण दुरुस्त नहीं हो पाई है। राजधानी की इन सड़कों की जानकारी ट्रैफिक पुलिस द्वारा सिविक एजेंसियों को समय समय पर उपलब्ध भी करवाई जाती है। लेकिन इतने साल बीतने के बाद भी इन पर जलजमाव की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS