Weather LIVE Updates: देश के कई राज्यों में सड़कें बनी समंदर, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Weather LIVE Updates: देश के कई राज्यों में सड़कें बनी समंदर, जनजीवन अस्त-व्यस्त
X
Weather LIVE Updates: उत्तर भारत आज भी बारिश की जद में है। दिल्ली से लेकर बिहार व पंजाब तक में बारिश की वजह से जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पढ़िये मौसम से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स...

Weather LIVE Updates: उत्तर भारत में बारिश का कहर आज भी जारी है। इससे ठीक एक दिन पहले देश की राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे की अवधि में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो 1958 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक बारिश थी। इस बीच, मौसम विभाग ने आज बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, इस बारिश में अब तक कई लोगों की जान भी जा चुकी है। अधिकारियों की तरफ से घोषणा की गई है कि भारी बारिश के मद्देनजर गुरुग्राम और नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के सभी स्कूल आज दिन भर के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस बीच, गाजियाबाद में बारिश के कारण दो दिन और उसके बाद कांवड़ यात्रा के कारण 17 जुलाई तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, दिल्ली में यमुना के जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर जा रहा है।

Weather LIVE Updates:

हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से 4 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जिलोें में भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। राज्य में बारिश के कहर से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।

अमित शाह से भगवंत मान ने की फोन पर बात

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को पंजाब में बाढ़ को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की। मान ने कहा, "मैंने कल गृह मंत्री अमित शाह से बात की। उन्होंने बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली और हमने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।"

यूपी में भी भारी बारिश

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और बिजली गिरने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है। 17 लोगों की मौत बिजली गिरने से और 12 की डूबने से मौत हो गई।

जम्मू-कश्मीर में नेशनल हाईवे बंद

270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को लगातार तीसरे दिन बंद रहा और एजेंसियां कश्मीर को देश के बाकी हिस्से से हर मौसम में जोड़ने वाली एकमात्र सड़क की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही हैं। लगातार बारिश के कारण शनिवार को राजमार्ग को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे कई भूस्खलन हुए और रामबन जिले में पंथियाल सुरंग और चंबा-सीरी के पास सड़क का एक हिस्सा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे हजारों वाहन फंस गए।

हिमाचल में कई क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट

भारत विभाग (IMD) ने मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू सहित हिमाचल के 12 में से 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रावी, ब्यास, सतलुज, स्वान और चिनाब सहित सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। सोलन (Solan) में रविवार को 135 मिमी बारिश दर्ज की गई है, यहां पर तकरीबन 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया है, जबकि ऊना में 1993 के बाद से सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।

चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद

मंडी में भारी भूस्खलन के बाद चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में पर्यटक फंस गए हैं। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ है। बाढ़ ने पेड़ उखाड़ दिए और फिर दो मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस घर में रहने वाले परिवार को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

यमुना का जलस्तर बढ़ा

यमुना भी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। नदी में 3 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बह रहा है और आसपास के कुछ गांवों में भी पानी घुस गया है. पहाड़ों पर लगातार बारिश से यमुना नदी में जलस्तर और बढ़ सकता है, जिसका असर दिल्ली के निचले इलाकों पर पड़ सकता है।

उत्तराखंड में बाढ़ और भूस्खलन

उत्तराखंड में बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। आज 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और उत्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में भारी बादल छाए हुए हैं। हालांकि, देहरादून, कोटद्वार, पौडी और टिहरी जिलों में धूप खिली रही।

जम्मू-कश्मीर में नेशनल हाईवे बंद

जम्मू एवं कश्मीर में सोमवार सुबह मौसम में काफी सुधार हुआ क्योंकि तवी और चिनाब नदियों में जल स्तर कम हो गया। हालाँकि, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अभी भी बंद है क्योंकि रामबन जिले में सड़क मरम्मत का काम चल रहा है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी

दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की क्योंकि हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग की तरफ से कहा गया कि करीब शाम 4 बजे 1,05,453 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। आम तौर पर, बैराज पर प्रवाह दर 352 क्यूसेक है, लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा से डिस्चार्ज बढ़ जाता है। बैराज से पानी दिल्ली पहुंचने में करीब दो से तीन दिन लग जाते हैं। इसके बाद यमुना का जलस्तर बढ़ने की पूरी संभावना है।

हिमाचल में 50 साल पुराना पुल बहा

मंडी जिले के औट को सैंज और बंजार के बगल में लारजी से जोड़ने वाला 50 साल पुराना पुल भारी बारिश में बह गया। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन पुलों के हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण ऐतिहासिक महत्व होने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि ये "हिमाचल की पहचान" हैं।

Tags

Next Story