Weather LIVE Updates: यमुना के जलस्तर में कमी, पूरे भारत में अब तक 145 लोगों की मौत

Weather LIVE Updates: उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मानसून (Monsoon) की शुरुआत के बाद से बारिश से संबंधित घटनाओं में 145 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़ और भूस्खलन (Landslides) का कहर जारी है और कई जगहों पर पर्यटक फंसे हुए हैं। मानसून शुरू होने के बाद से 91 मौतों के साथ हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) सबसे अधिक प्रभावित है। वहीं, उत्तर प्रदेश में 14, हरियाणा में 16, पंजाब में 11 और उत्तराखंड में 16 मौतें हुई हैं। हरियाणा और पंजाब (Punjab) में बारिश और तूफान के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों में भूस्खलन के कारण नेशनल हाइवे समेत कई सड़कें बंद हो गई हैं। यमुना के जल स्तर में बढ़ोतरी की वजह से दिल्ली (Delhi) में कई जगहों पर बाढ़ और जलभराव देखा गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार की रात से जल स्तर में कुछ कमी देखने को मिली है। अब जलस्तर 208.46 मीटर है। राजघाट और पुराना किला (Purana Quila) इलाकों में भी जलभराव की जानकारी सामने आई है। इसी वजह से लाल किले को आज पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
Weather LIVE Updates:
यमुना के जलस्तर में कमी
गुरुवार को दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के बाद अब यमुना का जलस्तर कम हो रहा है। शुक्रवार सुबह जलस्तर 208.42 मीटर दर्ज किया गया, जो कल के 208.66 मीटर से थोड़ा कम है। हालांकि, दिल्ली के आईटीओ और अन्य जगहों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है और लोगों को ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ रहा है।
#WATCH | Delhi: Severe waterlogging on ITO road due to rise in water level of Yamuna River pic.twitter.com/wz3ZXBA3IS
— ANI (@ANI) July 14, 2023
दिल्ली में स्कूल और कॉलेज बंद
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शहर के कई हिस्सों में बाढ़ की वजह से दिल्ली में स्कूल और कॉलेज 16 जुलाई तक बंद रहेंगे। यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि उफनती यमुना नदी के पानी से दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है।
लाल किला पर्यटकों के लिए बंद
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में बाढ़ की वजह से लाल किला आज यानि शुक्रवार के लिए पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली के राजघाट और पुराना किला इलाकों में गंभीर जलभराव की जानकारी मिली है।
हिमाचल में फंसे पर्यटकों को बचाया गया
हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति के चंद्रताल में पांच दिनों से फंसे सभी 256 पर्यटकों को गुरुवार को बचा लिया गया। वहीं, सांगला व किन्नौर के आसपास के इलाकों में फंसे 100 से अधिक लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात कर दिए गए हैं। जल्द ही इन सभी लोगों का भी रेस्क्यू कर लिया जाएगा।
स्थिति में होगा सुधार
हथिनीकुंड बैराज सर्कल के अधीक्षक इंजीनियर रविशंकर मित्तल ने कहा कि लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। अब बाढ़ जैसी स्थिति पैदा नहीं होगी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि पानी कम होना शुरू हो गया है और अगले 48 घंटों में स्थिति में काफी सुधार आएगा।
दिल्ली में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग ने कहा कि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना में वृद्धि के कारण पहले से ही दिल्ली में बाढ़ आ गई है, शहर में आज बारिश भी होने की संभावना है। दिल्ली के जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, आयानगर, डेरामंडी और एनसीआर क्षेत्र के गुरुग्राम में बारिश की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा के गोहाना और सोनीपत में भी बारिश की संभावना है.
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS