Weather Update: बिहार से लेकर बंगाल तक भारी बारिश, IMD ने कई राज्यों के लिए रेड-ऑरेंज अलर्ट किया जारी

Weather Update: देश के अधिकतर राज्यों में बारिश का दौर जारी है। अंडमान एवं निकोबार से लेकर बिहार व मध्य प्रदेश तक जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज मेघालय, असम, गुजरात, महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) भी जारी किया है। इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में रविवार को कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। वहीं, आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। साथ ही, मौसम विभाग ने आज तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई है।
पश्चिम बंगाल के मौसम की जानकारी
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता (Kolkata) में आमतौर पर बादल छाए रहने और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 31 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जैसे कई जिलों में अधिकतर जगहों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में दो जगहों पर बिजली गिरने के साथ तूफान की चेतावनी भी जारी की।
महाराष्ट्र के मौसम की जानकारी
राज्य की राजधानी मुंबई (Mumbai) में आज बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर शहर में भारी बारिश हुई और अधिकतर हिस्सों में बाढ़ आ गई। शहर की सबसे बड़ी झील अंबाझारी और नाग नदी पूरे उफान पर है। शुक्रवार से क्षेत्र में भारी बारिश के बाद जल स्तर बढ़ने के बाद रविवार को जिला प्रशासन ने गोदावरी नदी के किनारे रहने वाले नागरिकों को भी सतर्क रहने के लिए कहा था।
हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में भारी बारिश फिर से तेज हो गई है और इससे राज्य के पांच जिलों में 24 सड़कें बंद हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौल-स्पीति जिले में 16 सड़कें, शिमला में 4, कुल्लू में 2 और कांगड़ा और किन्नौर जिलों में 1-1 सड़कें बंद है। इनको खोलने के लिए राज्य सरकार की तरफ से कई कदम उठाए जा रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS