पश्चिम बंगाल: भाजपा के सोनमुखी विधायक पर टीएमसी का हमला, 8 कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती

पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक और कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया है। हुमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगाया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बांकुड़ा के सोनामुखी से भाजपा विधायक दिबाकर घरामी और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है। बांकुड़ा के BJP सांसद ने बताया, चुनाव बाद हिंसा कम नहीं हुई। सोनामुखी के MLA पर TMC के गुंडों ने हमला किया। BJP के 8 घायल कार्यकर्ताओं को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
खबरों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने घटना की कोई जानकारी होने से मना किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने देर रात ट्वीट करके आरोप लगाया था कि मानिक बाज़ार पंचायत क्षेत्र में दिबाकर घरामी पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया।
उन्होंने आगे कहा कि इसमें विधायक समेत 8 भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी को बांकुरा मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा। गैर विधायक मुख्यमंत्री के जंगलराज में एक भी विधायक सुरक्षित नहीं है। यह भयावह है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणेश विश्वास ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना के बारे में जानकारी नहीं है।
वहीं, भाजपा के बिष्णुपुर के आयोजन जिलाध्यक्ष सुजीत अगस्थी ने कहा कि घरामी पर शारीरिक हमला नहीं किया गया था। उन्होंने दावा किया कि रविवार शाम को मानिकबाज़ार पंचायत क्षेत्र में एक बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता जब सोनमुखी थाने में शिकायत दर्ज करवाने गए तो उनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया। तृणमूल कांग्रेस के एक जिला नेता ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी झूठ बोल रहे हैं। ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। हमें इस तरह की घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
Tags
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS