Haribhoomi Explainer: गर्मी साबित हो रही जानलेवा, क्या वेट-बल्ब टेंपरेचर की जद में आ गया भारत

Haribhoomi Explainer: गर्मी साबित हो रही जानलेवा, क्या वेट-बल्ब टेंपरेचर की जद में आ गया भारत
X
Haribhoomi Explainer: देश के कई शहरों में अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है और लोगों को लू के थपेड़ों का भी सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, बढ़ती गर्मी में वेट-बल्ब तापमान भी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। वेट-बल्ब तापमान गर्मी एवं आर्द्रता की वह सीमा है, जिसके आगे मनुष्य उच्च तापमान को सहन नहीं कर सकता है। ऐसे में उसकी मौत भी हो सकती है। अप्रैल महीने में महाराष्ट्र के नवी मुंबई से भी ऐसा मामला सामने आया था, जहां एक सम्मान समारोह के दौरान हीटवेव से 11 लोगों की मौत हो गई थी। क्या इन लोगों की मौत के पीछे की वजह भी वेट-बल्ब तापमान बढ़ना था या कोई अन्य कारण, चलिये हरिभूमि एक्सप्लेनर में इससे जुड़ी तमाम डिटेल्स पढ़िये।

Haribhoomi Explainer: देश में अब केवल मैदानी राज्यों में ही नहीं बल्कि हिमालयी क्षेत्रों में भी गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है। राजधानी दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में तो पारा भी 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। भीषण गर्मी के साथ ही लोगों को लू के थपेड़ों का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोग घरों में दुबकने को विवश हैं। अगर मजबूरी में घर से बाहर निकले तो कुछ समय बाद ही लू की चपेट में आ सकते हैं। इससे जान भी जा सकती है। ऐसा ही एक मामला मुंबई से सामने आया, जहां एक सम्मान समारोह में शामिल होने वाले 11 लोगों की हीट वेव के चलते मृत्यु हो गई। यह घटना वेट-बल्ब थ्रेशहोल्ड की ओर इशारा कर रही है। इसकी वजह से भविष्य में होने वाले हालातों को काबू में कर पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। आइये हरिभूमि एक्सप्लेनर में जानते हैं कि आखिर वेट-बल्ब टेंपरेचर क्या होता है और भारत में इसको लेकर क्या स्थिति बनी है।

वेट-बल्ब टेंपरेचर

वेट-बल्ब तापमान गर्मी एवं आर्द्रता (Heat and Humidity) की वह सीमा है, जिसके आगे मनुष्य उच्च तापमान को सहन नहीं कर सकता है। मानव शरीर के लिए उच्चतम वेट-बल्ब 35 डिग्री सेल्सियस माना गया है। इससे उपर तापमान जाने पर पसीना वाष्पीकृत होने में समस्या आने लगती है, शरीर का तापमान बढ़ने लगता है। इससे हाइपरथर्मिया की स्थिति बन सकती है। ये वो अवस्था है, जिसमें शरीर जितनी गर्मी छोड़ता है, उससे ज्यादा पैदा करता है या अवशोषित करता है। मजदूर, किसान या किसी वजह से धूप में अधिक समय बिताने वालों के लिए ये स्थिति अधिक खतरनाक साबित हो सकती है।

साल 2022 में इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज (IPCC) ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि भारत में सभी बड़ी नदियों का तापमान बढ़ेगा, साथ ही उनका तापमान भी वेट-बल्ब टंपरेचर मार्कर के काफी उपर चला जाएगा। इससे नदी में पलने वाले जीव जंतु भी प्रभावित होंगे। वैज्ञानिक हवा का तापमान बढ़ने को लेकर भी आशंकित हैं। अगर तापमान वेट-बल्ब के पार जाता है, तो ऐसी स्थिति में यह इंसानों के लिए काफी खतरनाक है।

हीट एक्शन प्लान (HAP)

HAP में आमतौर पर आर्थिक रुप से हानिकारक, लू और मानव जीवन के लिए खतरनाक गर्म हवाओं के प्रभाव को कम करने के लिए तैयार किए जाने वाला खाका होता है। HAP के अंतर्गत हर उस समस्या का समाधान ढूंढ़ा जाता है, जिससे बढ़ते तापमान के कारण लोगों को अधिक समस्याओं का सामना न करना पड़े। साल 2013 में अहमदाबाद ने हीट एक्शन प्लान बना कर दक्षिण एशिया और भारत का पहला शहर बन गया था।

लोगों की नौकरियों पर भी खतरा

गर्मी का वेट-बल्ब टेंपरचर पार कर जाना केवल मानव स्वास्थ्य के लिए नहीं बल्कि उनकी नौकरियों को भी प्रभावित करेगा। कुछ महीने पहले एक रिपोर्ट में बताया गया था कि बढ़ती गर्मी के कारण देश में नौकरियों की कमी हो जाएगी। एक्सपर्टस का मानना है कि बढ़ती गर्मी का सीधा असर लोगों की नौकरी पर भी पड़ेगा। इस कारण से साल 2030 तक करोड़ों लोग अपनी नौकरी गंवा सकते हैं।

निरंतर मौसम में बदलाव के बाद भीषण गर्मी

बता दें कि 1901 के बाद इस साल की फरवरी सबसे अधिक गर्म रही। ये स्थिति 122 साल बाद बनी थी। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव आया, जिसके बाद लोगों को राहत मिली। अब मई की शुरुआत से गर्मी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। यह स्थिति लोगों के लिए बेहद चिंताजनक है। दरअसल उत्तरी माली में भी वेट बल्ब टेम्परेचर का कुप्रभाव देखने को मिला था। दरअसल, उत्तरी माली में जुलाई से सितंबर तक बारिश का सिलसिला चला, जबकि इस दौरान अधिकतम पारा 50 डिग्री तक पहुंच गया। इस कारण लोगों को वेट बल्ब टेम्परेचर का सामना करना पड़ा और कई लोगों को जान गंवानी पड़ी। इंसानों के साथ ही पशुओं पर भी विनाशकारी प्रभाव देखने को मिला। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां रहने वाले लोगों को अब यहां से पलायन करना चाहिए क्योंकि ऐसी परिस्थितियों में जीवित रहना नामुमकिन है।

भारत के प्रमुख शहरों में आज का तापमान

  • दिल्ली 42°C
  • मुंबई 34°C
  • चेन्नई 39°C
  • अहमदाबाद 43°C
  • लखनऊ 41°C
  • देहरादून 36°C
  • रायपुर 41°C
  • भोपाल 42°C

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मार्च में ही बता दिया था कि इस साल अधिक गर्मी पड़ेगी, जिसका असर दिखना शुरू हो गया है। लोग चिलचिलाती धूप व गर्मी से परेशान हैं। लेकिन, ये गर्मी यहीं नहीं रुकने वाली है, अभी तापमान और बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि गर्मी से बचाव के सभी उपाय करने चाहिए। विशेषकर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक सीधे धूप के संपर्क में नहीं आना चाहिए।

Tags

Next Story