World Food India 2023: पीएम मोदी ने मेगा फूड इवेंट का किया उद्घाटन, 80 देशों के 1200 लोग हुए शामिल

World Food India 2023: पीएम मोदी ने मेगा फूड इवेंट का किया उद्घाटन, 80 देशों के 1200 लोग हुए शामिल
X
World Food India 2023:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार यानी आज दिल्ली के प्रगति मैदान में एक मेगा फूड इंवेट वर्ल्ड फूड इंडिया 2023 के दूसरे संस्करण का उद्घाटन किया। पढ़ें रिपोर्ट...

World Food India 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेगा फूड इवेंट 'वर्ल्ड फूड इंडिया 2023' के दूसरे संस्करण का उद्घाटन किया है। कार्यक्रम का उद्घाटन नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में किया गया। इस दौरान पीएम ने 1 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों (SHG) को शुरुआती (सीड) पूंजी सहायता वितरित भी की है। इतना ही नहीं, उन्होंने एक 'फूड स्ट्रीट' का भी उद्घाटन किया। इसमें क्षेत्रीय व्यंजनों और शाही पाक विरासत को प्रदर्शित किया गया ।

पीएम मोदी ने वर्ल्ड फूड इंडिया कार्यक्रम को किया संबोधित

वर्ल्ड फूड इंडिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत में खाद्य विविधता प्रत्येक वैश्विक निवेशक के लिए एक लाभांश है। हमारी स्थायी खाद्य संस्कृति हजारों वर्षों की यात्रा का परिणाम है। भोजन न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि हमारे मानसिक स्वास्थ्य को भी आकार देने में एक बड़ा कारक है। आयुर्वेद बात करता है संतुलित आहार, स्वस्थ भोजन और मौसम के अनुसार खाने की।

80 से ज्यादा देशों के 1200 से अधिक लोग लेंगे हिस्सा

यह कार्यक्रम 3 से 5 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। इसमें 80 से ज्यादा देशों के 1200 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। वर्ल्‍ड फूड इंडिया का पहला संस्करण 2017 में आयोजित हुआ था। इसमें 918 किलो की खिचड़ी बनाई गई थी। इस दौरान सबसे ज्यादा खिचड़ी बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया था।

भारत को विश्व में फूड बास्केट दिखाना उद्देश्य

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत को 'दुनिया की खाद्य टोकरी' के रूप में प्रदर्शित करना और 2023 को अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में मनाना है। इसमें 23 राज्य सरकारें, 18 केंद्रीय मंत्रालय और संबंधित विभाग भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में स्मारक टिकट और सिक्कों का भी अनावरण किया गया। साथ ही, यह सरकारी निकायों, उद्योग के पेशेवरों, किसानों और उद्यमियों को चर्चा में शामिल होने, साझेदारी बनाने और कृषि-फूड क्षेत्र में निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए एक नेटवर्किंग और व्यापार का मंच देगा।

इस कार्यक्रम में इस साल विश्व का सबसे लंबा डोसा बनाने की कोशिश की जाएगी। केंद्रिय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इस बात की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि इस साल सबसे लंबे डोसे का गिनीज रिकार्ड बनाने की कोशिश की जाएगी, जिसकी लंबाई 100 फीट से ज्यादा होगी। इस बाजरा डोसे को बनाने के लिए 60 से 80 शेफ एक साथ कार्य करेंगे।

Tags

Next Story