कोविड-19 वैक्सीन कोवीशील्ड को यूरोप के 8 देशों में ग्रीन पास, बुधवार को भारत ने दी थी ये चेतावनी

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के मामलों की रफ्तार कम हो गयी है। दुनियाभर के देशों में टीकाकरण तेजी के साथ किया जा रहा है। लेकिन इसी बीच कोरोना वैक्सीन के ग्रीन पास को लेकर भारत और यूरोपियन यूनियन (ईयू-EU) में बहस छिड़ी हुई है। इसी बहस के बीच गुरुवार को यानी आज यूरोप के 8 देशों ने कोवीशील्ड को ग्रीन पास देते हुए अपने यहां अप्रूव वैक्सीन की लिस्ट में शामिल कर लिया है। अब यूरोप के इन देशों में कोविड-19 की वैक्सीन कोवीशील्ड के दोनों डोज लेने वाले भारतीय को कोरोना नियमों से छूट मिलेगी।
अप्रूवल देने वालों में यह देश हैं शामिल
खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक, अप्रूवल देने वाले देशों में स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, आइसलैंड, जर्मनी, स्लोवेनिया, ग्रीस, स्पेन और आयरलैंड शामिल हैं। इससे पहले 30 जून को भारत ने यूरोप को चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि यूरोपीय देशों की मेडिकल एजेंसी ने कोवीशील्ड और कोवैक्सिन को ग्रीन पास में शामिल नहीं किया तो हम भी इन देशों के वैक्सीन सर्टिफिकेट को कतई नहीं मानेंगे। ऐसे में यूरोपीय देशों के लोगों को भी भारत में क्वॉरेंटाइन किया जाएगा।
ग्रीन पास योजना के तहत यात्रा पाबंदियों में ढील दी
खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक, यूरोपीय संघ ने अपनी ग्रीन पास योजना के तहत यात्रा पाबंदियों में कुछ ढील दी है। सूत्रों का कहना है कि भारत ने यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों से अनुरोध किया था कि कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड और कोवैक्सिन के टीके लगवा चुके भारतीयों को यूरोप की यात्रा करने की इजाजत देने पर वे अलग अलग विचार जरूर करें।
आज से यूरोपीय संघ की डिजिटल कोविड सर्टिफिकेट योजना लागू
1 जुलाई 2021 यानी आज से यूरोपीय संघ की डिजिटल कोविड सर्टिफिकेट योजना ग्रीन पास लागू हो गई है। इस योजना के तहत महामारी के दौरान रजिस्टर्ड वैक्सीन लेने वाले शख्स को ग्रीन पास वाले देशों में जाने की इजाजत होगी। भारत सरकार को ओर से कहा गया है कि उसने यूरोपियन मेडिकल एजेंसी को बताया है कि देश में वैक्सीनेट किए गए लोगों के सर्टिफिकेट को कोविन पोर्टल पर वेरिफाई किया जा सकता है। वह भी ग्रीन पास लेकर आने वाले नागरिकों को अनिवार्य क्वॉरेंटाइन से छूट देगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS