फ्रांसीसी रक्षा मंत्री ने राजनाथ सिंह को लिखा पत्र, कहा भारत के साथ खड़े हैं हम

फ्रांसीसी रक्षा मंत्री ने राजनाथ सिंह को लिखा पत्र, कहा भारत के साथ खड़े हैं हम
X
फ्रांसीसी रक्षा मंत्री फ्लोरेंस ने लिखा कि 20 जवानों को गंवाना एक बड़ा झटका है, ना सिर्फ उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए। इस मुश्किल वक्त में हम फ्रांस की सेना की ओर से आपको अपना समर्थन देते हैं।

भारत -चीन विवाद के मुद्दे पर दुनिया के हर देश ने अपनी नजर रखी हुई है। फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने शहीद भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने कहा कि हम भारत के साथ खड़े हैं।

पूरे देश के लिए है मुश्किल वक्त

फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले ने ने अपने पत्र में लिखा कि किसी भी देश के लिए 20 जवानों को गंवाना बहुत बड़ी बात है। जवानों की शहादत से सिर्फ उनके परिवार को दुख नहीं मिलता, बल्कि पूरा देश प्रभावित होता है।, साथ ही उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से जल्द भारत में मुलाकात की बात कही। उन्होंने कहा कि जब भारत में हमारी मुलाकात होगी, तब हम मौजूदा चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे।

फ्रांस एक अहम साथी के रूप में आया है सामने

चीन से जारी विवाद में फ्रांस भारत के एक अहम साथी के रूप में सामने आया है। बता दें कि जिन राफेल लड़ाकू विमान की डिलीवरी पर कोरोना ने ब्रेक लगा दिया था, फ्रांस उन्हें जल्द से जल्द भारत भिजवाने की तैयारी कर रहा है। इतना ही नहीं पहली किस्त में चार राफेल विमान भारत को दिए जाने थे, लेकिन ताज़ा हालात को देखते हुए अब पहली किस्त में 6 राफेल विमान भारत को मिलेंगे। ये फाइटर जेट जुलाई के अंत तक भारत पहुंच जाएंगे। पिछले साल फ्रांस में जाकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन्हें रिसीव किया था। इसके बाद से ही भारतीय वायुसेना के पायलट इन विमानों को कमांड करने की ट्रेनिंग ले रहे थे।

22 जुलाई तक मिलेंगे 6 लड़ाकू विमान

अब 22 जुलाई तक भारत को 6 लड़ाकू विमान मिल जाएंगे, जो आधुनिक तकनीक से लैस होंगे। इन विमानों को अंबाला एयरबेस के पास तैनात किया जाएगा। इससे उत्तरी फ्रंट पर जरूरत पड़ने पर तुरंत इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा। मौजूदा दौर में लद्दाख बॉर्डर पर चीन के साथ जिस तरह के हालात हैं उस हिसाब से भारत को राफेल मिलना काफी फायदेमंद हो सकता है।

कई और देशों के प्रमुख भारत के साथ

फ्रांस की रक्षा मंत्री से पहले कई और देशों के प्रमुखों और बड़े नेताओं ने चीन विवाद पर भारत का साथ दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मसले पर अमेरिकी रक्षा सचिव से फोन पर बात करेंगे और ताजा हालात पर मंथन होगा।

Tags

Next Story