हैती में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1297 हुई, 5700 लोग हैं घायल

हैती में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1297 हुई, 5700 लोग हैं घायल
X
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप का केंद्र राजधानी पोर्ट औप्रिंस से लगभग 125 किमी की दूरी पर था। भूकंप के बाद दिनभर और रात तक झटके महसूस किए जाते रहे।

हैती में शनिवार को 7.2 की तीव्रता से आए भूकंप में अब तक 1297 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बात की पुष्टि समाचार एजेंसी एएनआई ने रॉयटर के हवाले से की है। अभी 5700 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभी मरने वालों की संख्या में और इजाफा होगा।

हैती की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के निदेशक जैरी चांडलर का कहना है कि सबसे अधिक लोग देश के दक्षिण में हताहत हुए हैं। 7.2 की तीव्रता से आए भूकंप से कई शहर तो पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। भूस्खलन होने से की वजह से बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। भूकंप की वजह से कोविड-19 महामारी से पहले से बुरी तरह प्रभावित हैती के लोगों की पीड़ा और भी बढ़ गई है।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप का केंद्र राजधानी पोर्ट औप्रिंस से लगभग 125 किमी की दूरी पर था। भूकंप के बाद दिनभर और रात तक झटके महसूस किए जाते रहे। प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने कहा था कि वह उन क्षेत्रों में सहायता पहुंचा रहे हैं जहां भूकंप के कारण शहर नष्ट हो गए। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को भी सभी जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा पीएम ने पूरे देश के लिए एक महीने की आपात स्थिति का ऐलान किया।

साथ ही कहा था कि वह तब तक अंतरराष्ट्रीय मदद नहीं मांगेंगे जब तक कि नुकसान किताना हुआ है पता नहीं लग जाएगा। पीएम ने यह भी कहा स्थानीय अस्पताल, विशेष रूप से लेस केज़, घायल लोगों से भरे हुए हैं। हैती के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के निदेशक जेरी चांडलर ने संवाददाताओं को बताया था कि शनिवार रात मरने वालों की संख्या 304 थी। अब यह संख्या बढ़कर 1297 हो गई है। बचावकर्मी और राहगीर कई लोगों को मलबे से सुरक्षित निकालने में सफल रहे। अभी कई जगहों पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Tags

Next Story