Turkey Earthquake में पीड़ितों की मदद के लिए भारत का ऑपरेशन दोस्त सफल, वापस लौटी NDRF की टीम

Turkey Syria Earthquake: जब भी दुनिया का कोई भी देश मुसीबत में होता हो तो भारत हमेशा उसकी मदद करने के लिए तत्पर रहता है। इस कड़ी में भारत ने तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप में ऑपरेशन दोस्त के तहत पीड़ित हजारों लोगों को मदद पहुंचाई है। इस अभियान के लिए भारत की NDRF टीम को तुर्की भेजा गया था। अभियान में जुटी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की आखिरी टीम भी भारत लौट आई है। इस ऑपरेशन दोस्त के तहत 151 जवानों को तीन टीमों में तुर्की भेजा गया था। NDRF टीम के 151 जवानों के अलावा डॉग स्क्वायड को भी वहां भेजा गया था। इस दौरान एनडीआरएफ की टीमों ने नूरदागी और अंतक्या में 35 जगहों पर भूकंप से पीड़ितों की मदद की। इसके साथ ही मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम किया।
टर्किश डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट प्रेसीडेंसी ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टर्किश डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट प्रेसीडेंसी ने 18 फरवरी को अपने बयान में कहा था कि तुर्की और सीरिया में विनाशकारी भूकंप के लगभग दो हफ्ते बीत चुके हैं। अब ज्यादातर प्रांतों में खोज और बचाव अभियान समाप्त हो गया है। एएफएडी प्रमुख यूनिस सेजर ने कहा कि तुर्की में भूकंप की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। हमें विश्वास है कि कल रात तक हम खोज और बचाव अभियान को खत्म कर देंगे।
तुर्की में कैसा रहा भारत का ऑपरेशन दोस्त?
तुर्की और सीरिया में 6 फरवरी को आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण 45,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब दस लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। दोनों देशों के लिए इस संकट की घड़ी में सबसे पहले मदद पहुंचाने वाले देशों में भारत शामिल था। भारत ने दोनों देशों में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए ऑपरेशन दोस्त अभियान चलाया। इसके तहत भारत ने तुर्की और सीरिया में भारी मात्रा में राहत-सामग्री भेजी। यहां के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए भारतीय सेना के ढाई सौ जवानों को तैनात किया गया था। इस दौरान भारत की ओर से एनडीआरएफ की 150 लोगों की टीमें, डॉग स्क्वॉयड, विशेष वाहनों और अन्य आपूर्तियों के साथ तुर्की भेजी गई थी। जबकि सीरिया में भी पोर्टेबल ईसीजी मशीन, पेशेंट मॉनीटर, आपातकालीन दवाएं और स्वास्थ्य उपकरण भी भेजे गए थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS