US Shooting: लेविस्टन में 18 लोगों की हत्या का आरोपी मिला मृत, पुलिस को आत्महत्या का शक

US Shooting: लेविस्टन में 18 लोगों की हत्या का आरोपी मिला मृत, पुलिस को आत्महत्या का शक
X
US Shooting: अमेरिका के लेविस्टन में अंधाधुंध फायरिंग करने वाला आरोपी मृत पाया गया है। उसने खुद ही अपने सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली है। पढ़ें विस्तृत रिपोर्ट...

Maine Mass Shooting: अमेरिकी राज्य मेन के लेविस्टन शहर में 18 लोगों की सामूहिक हत्या और 13 लोगों को घायल करने का संदिग्ध शुक्रवार को मृत पाया गया। आरोपी की पहचान रॉबर्ट कार्ड के रूप में हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अधिकारी 48 घंटे से रॉबर्ट कार्ड की तलाश कर रहे थे। ऐसे में एक जगह उसका शव मिला। सामने आया है कि उसने खुद ही अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

गोली चलाने का मकसद सामने नहीं आया

पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि संदिग्ध रॉबर्ट कार्ड के संबंध में एक घर में एक नोट मिला जो उसके बेटे को संबोधित था। उन्होंने आगे कहा कि कि यह एक सुसाइड नोट है। हालांकि, इसमें गोली चलाने का कोई खास मकसद नहीं बताया गया है। जांच अधिकारियों को घर में कार्ड का सेलफोन भी मिला। इतना ही नहीं एक गाड़ी से एक बंदूक भी बरामद की गई है।

बुधवार की रात अमेरिकी सेना में एक सैन्य रिज़र्विस्ट कार्ड ने एक बार में जाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें 18 लोगों की जान चली गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों की उम्र 14 से 76 साल के बीच थी। गोलीबारी के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, शहर में लॉकडाउन भी लगाया गया जिसे बाद में शुक्रवार को हटा लिया गया था।

राष्ट्रपति बाइडेन ने जताया था दुख

दुखद घटना के जवाब में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार शाम तक सभी अमेरिकी झंडों को आधा झुकाने का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में हाल ही में हुई सामूहिक हत्या अमेरिका में इस साल हुई 36वीं ऐसी घटना है। इन घटनाओं में बढ़ोतरी का कारण वहां पर बढ़ती हुई बंदूक संस्कृति को भी माना जाता है।

Tags

Next Story