Russia Ukraine War: जेलेंस्की बोले- 400 ईरानी ड्रोन से आबादी को बनाया निशाना, अमेरिका ने दी चेतावनी

Russia Ukraine War: जेलेंस्की बोले- 400 ईरानी ड्रोन से आबादी को बनाया निशाना, अमेरिका ने दी चेतावनी
X

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग भीषण होती जा रही है। रूस (Russia) लगातार यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है, तो वहीं यूक्रेन (Ukraine) भी जवाब देने में पीछे नहीं है। खास बात है कि दोनों ही देश एक-दूसरे को तबाही के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और आने वाली संभावित तबाही के लिए भी एक दूसरे को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इसके चलते रूस ने जहां यूक्रेन की ओर से डर्टी बम (Dirty Bomb) इस्तेमाल करने की आशंका व्यक्त की थी, वहीं अब यूक्रेन ने रूस पर आरोप लगाया कि उसने 400 ड्रोन से यूक्रेनी आबादी को निशाना बनाया है।

यूक्रेनी मीडिया द कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelensky) ने बुधवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन की नागरिक आबादी के खिलाफ लगभग 400 ईरानी ड्रोन (Iranian Drone) का इस्तेमाल किया है। जेलेंस्की का दावा है कि कीव में हुए कई विस्फोटों में लगभग 400 ईरानी-निर्मित Shahed-136 Kamikaze ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। इन ड्रोन का इस्तेमाल नागरिक आबादी पर हुआ।

यूकेनी विशेषज्ञों के मुताबिक, रूस ने जिस ड्रोन का इस्तेमाल किया है, वो ईरान निर्मित है, लेकिन उसकी पहचान छिपाने के लिए रूसी सेना इस ड्रोन का अलग नाम से इस्तेमाल कर रही है। ईरान ने इससे जुड़े सवाल पर स्पष्ट करके इनकार किया था कि उसने रूस को ड्रोन नहीं दी है। हालांकि अमेरिका को ईरान की इस बात पर भरोसा नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने तो ईरान को चेतावनी दी है कि अगर रूस को मदद देना बंद किया तो उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

दोनों देश लगा रहे आरोप

रूस ने कल यानी बुधवार को आरोप लगाया था कि यूक्रेन की ओर से डर्टी बम (Dirty Bomb) का इस्तेमाल किया जा सकता है। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) से भी फोन पर बातचीत कर यह आशंका जताई थी। उधर, यूक्रेन ने रूस की ओर से परमाणु हमले की आशंका जताई थी। साथ ही, कहा था कि रूस ने नोवा काखोव्का बांध पर विस्फोटक लगा दिए हैं। अगर उसने बांध को उड़ाया तो यूक्रेन का दक्षिणी हिस्सा जलमग्न हो जाएगा। इससे भारी जानमाल को नुकसान होगा और पर्यावरण को भी क्षति होगी। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से अपील की थी कि रूस को बांध उड़ाने से रोका जाए। वहीं व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा था कि हम अपने देश की रक्षा के लिए परमाणु हमले करने से पीछे नहीं हटेंगे।

भारत का रूख तटस्थ

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही भारत का रूख तटस्थ है। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से बातचीत में कहा था कि यह संघर्ष आपसी शांति वार्ता और सहमति से थम सकता है। उन्होंने कहा था कि भारत परमाणु हमले के खिलाफ है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जब से युद्ध शुरू हुआ है, तब से भारत ने दोनों देशों को सलाह दी है कि आपसी बातचीत से ही युद्ध समाप्त हो पाएगा।

Tags

Next Story