डॉ. निरंजन कुमार का लेख : शांति स्थापना के सार्थक प्रयास हों

डॉ. निरंजन कुमार
साम्राज्यवाद की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि दुनिया के कई देश खुद को वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। दुनिया का एक धड़ा अमेरिका की तरफ रहता है तो दूसरी ओर रूस और चीन जैसे देश अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते हैं। रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ा यह युद्ध केवल रूस और यूक्रेन के बीच की लड़ाई नहीं है। रूस की लड़ाई यूक्रेन को समर्थन देने वाले अमेरिका, ब्रिटेन और नाटो समूह के अन्य देशों से भी है। सोवियत रूस का विघटन भले ही दशकों पहले हो चुका है, लेकिन रूस अब भी यही चाहता है कि कम से कम विघटित देश उसके विरोधियों के खेमे में शामिल न हों।
रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध को तीसरे विश्व युद्ध की आहट के तौर पर भी देखा जा रहा है और ऐसी स्थिति पहले भी बनती रही है। इतिहास में कई सारी जंग देखने को मिली हैं। वर्तमान में भी देखें तो चीन और ताइवान, अर्मेनिया और अजरबैजान, इजरायल और फिलिस्तीन, उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया... इन देशों के बीच भी तो एक आंतरिक युद्ध जारी है। कई देश एक-दूसरे पर अपना अधिकार जमाने के लिए नई-नई मिसाइलें, परमाणु, ओर सैन्य- शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। जेनेवा कन्वेंशन के दौरान युद्ध को लेकर जो अंतरराष्ट्रीय नियम बने, उनको दरकिनार किया जा रहा है। आज मानवीय मूल्यों की कोई कीमत नहीं रह गई है।
रूस और यूक्रेन की सांस्कृतिक विरासत एक है। यूक्रेन साल 1991 तक सोवियत रूस का हिस्सा ही था। सोवियत रूस के विघटन के बाद रूस के पश्चिमी क्षेत्र में यूक्रेन अलग देश के रूप में अस्तित्व में आया था। यूक्रेन में करीब 50 फीसदी से ज्यादा लोग रूसी भाषी हैं। इनका स्वभाव रूस से मिलता-जुलता है। दो पड़ोसी आपस में बैठकर किसी भी बड़े मुद्दे का हल आसानी से निकाल सकते हैं, लेकिन यूक्रेन में तीसरे देशों की उपस्थिति से हालात बदतर होते जा रहे हैं। यूक्रेन-रूस युद्ध को एक सप्ताह से ज्यादा हो गए हैं। मानवीय मूल्यों की आहूति दी जा रही है, लेकिन विश्व के कई देश या तो युद्ध का समर्थन कर रहे हैं या फिर इसे रोकना नहीं चाह रहे हैं। पांच करोड़ की आबादी वाले यूक्रेन के लोगों के हाथों में हथियार थामने और मर-मिटने जैसे राष्ट्रवाद शब्दों से उत्तेजित किया जा रहा है। पश्चिमी देशों में तो यूक्रेन को हथियार मुहैया कराने की होड़ सी लग गई है। कोई मिसाइल दे रहा है, कोई लॉन्चर दे रहा है। यूक्रेन को युद्ध के आग में झोंककर, हथियार उपलब्ध कराकर रूस और यूक्रेन जंग को लंबा करने का प्रयास पश्चिमी देशों की ओर से देखने को मिल रहा है। इसमें सबसे बड़ा नुकसान यूक्रेन का है। यूक्रेन को हथियार देकर युद्ध को लंबा खींचने से रूस को आर्थिक रूप से कमजोर करने की पश्चिमी देशों की सोच ने स्थिति को और भी भयावह बना दिया है। संकट और भी बढ़ता जा रहा है। बेलारूस में रूस और यूक्रेन की बातचीत भी बेनतीजा रहा। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की भी हथियार डालने के मूड में दिखाई नहीं पड़ रहे हैं। ये हालात वैश्विक स्तर पर सही नहीं है और इसके परिणाम भी वैश्विक और दूरगामी हाेंगे।
कहा जाए तो गलत नहीं होगा कि आज का युग अर्थ का युग है। खासकर युद्ध जैसे हालात हों तो अर्थ का महत्व और भी बढ़ जाता है। जिस देश के पास जितना ज्यादा पैसा होगा, वह देश यद्ध में ज्यादा दिन तक टिक सकता है। यूक्रेन आर्थिक रूप से कमजोर देश है। एक दिन के युद्ध में अरबों रुपया खर्च हो जाता है। ऐसे में यूक्रेन को हथियार प्रदान करके पश्चिमी देशों की दिलचस्पी युद्ध में रूस को आर्थिक रूप से कमजोर करना है न कि युद्ध रोकने और विवाद सुलझाने में। इस युद्ध से यूक्रेन न केवल आिर्थक मोर्चे पर नुकसान झेल रहा है बल्कि पूरा यूक्रेन मलबे में तब्दील होता जा रहा है, जहां-तहां लाशें बिछी हैं जैसे कोई मानव बेसुध होकर सो रहा हो। कुछ भुखमरी के शिकार हो रहे हैं। भूख से बिलखते बच्चों व की किलकारियां रुक गई है। ऐसी स्थिति में पूरे विश्व को मिलकर युद्ध रोकने का प्रयास करना चाहिए, लेकिन पश्चिमी देशों के द्वारा यूक्रेन के युवाओं के हाथों में हथियार देने की होड़ कई देशों में लगी है। यूक्रेन हथियार लेकर अंतिम जी जान तक लड़ता रहेगा, रूस भी युद्ध में पीछे नहीं हटना चाहेगा ऐसे में परमाणु युद्ध जैसे विकल्पों की ओर रूस बार-बार इशारा कर रहा है। अगर रूस परमाणु बम का इस्तेमाल करता है तो यूक्रेन का नामो-निशान मिट जाएगा। परमाणु बम केवल यूक्रेन काे ही नुकसान नहीं पहुंचाएगा। परमाणु हमले का असर क्या होता है, यह तो पूरी दुनिया देख ही चुकी है। मानवीय मूल्यों की आहूति दी जाएगी, फिर भी संयुक्त राष्ट्र संघ और अमेरिका जैसे देश रूस को आर्थिक रूप से कमजोर करने और वैश्विक प्रतिबंध लगाकर खुश हो रहे हैं।
2016 में नाटो ने कहा कि नाटो सैन्य शक्ति से यूक्रेन की मदद करेगा जिसके पश्चात यूक्रेन की ताकत और बढ़ गई, लेकिन समय के साथ-साथ युद्ध की हालत में यूक्रेन को न तो नाटो का साथ मिला और न ही अमेरिका का। नाटो अगर बाहर से भी यूक्रेन की मदद करना चाहता है तो अब तक यूक्रेन को यूरोपियन यूनियन ने सदस्यता क्यों नहीं दी? ये सवाल यह दर्शाता है कि नाटो और अमेरिका भी यूक्रेन को बीच में रखकर रूस पर लगाम लगाने का काम कर रह था। युद्ध जैसे हालात में सिर्फ हथियार मुहैया करा देने से क्या यूक्रेन, तकनीकी और हथियारों से लैस रूस का सामना कर पाएगा? अमेरिका और नाटो की सोची समझी कूटनीतिक चाल जब फेल दिखाई पड़ने लगी तो सभी ने रूस से सीधा युद्ध करने से पीछे हटकर यूक्रेन के मानवीय मूल्यों को आग में जलने के लिए छोड़ दिया।
संयुक्त राष्ट्र की स्थापना अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखना, अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवाधिकारों की रक्षा करना करने के लिए किया गया था, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध में संयुक्त राष्ट्र का आधार पूर्व की भांति हांथी की दांत की तरह दिखाई पड़ रहा है। इस युद्ध के दौरान दोनों देशों के बीच युद्ध विराम करवाने और शांति स्थापना की कोशिशें स्पष्ट तौर पर कहीं नजर नहीं आई हैं। संयुक्त राष्ट्र में 193 देश शामिल हैं। वैश्विक शांति के लिए समय रहते अगर सही कदम नहीं उठाया गया तो इसके परिणाम मानवीय मूल्यों के लिए विस्फोटक और भयावह होंगे। रूस और यूक्रेन को भी सकारात्मक ढंग से अनुसरण करने की दरकार है, जिससे वैश्विक शांति बनी रहे।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS