24 फरवरी का दिन क्रिकेट इतिहास में अहम, सचिन-क्रिस के नाम एक समान गेंदों पर दो दोहरे शतक

24 फरवरी का दिन क्रिकेट इतिहास में अहम, सचिन-क्रिस के नाम एक समान गेंदों पर दो दोहरे शतक
X
24 फरवरी क्रिकेट इतिहास में काफी अहम मानी जाती है। क्योंकि इसी दिन आज से 11 साल पहले सचिन तेंदुलकर ने वनडे इंटरनेशनल (ODI International) का पहला दोहरा शतक जड़ा था। वहीं 2015 में क्रिस गेल ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ विश्व कप (World Cup) के इतिहास में पहली डबल सेंचुरी लगाई थी। दोनों ने अपनी पारी में एक समान गेंदें खेली थीं।

खेल। 24 फरवरी यह कोई आम दिन नहीं, बल्कि ये दिन क्रिकेट इतिहास में काफी अहम मानी जाती है। 11 साल पहले इसी दिन क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने वनडे इंटरनेशनल (ODI International) का पहला दोहरा शतक जड़ा था। यह अनोखा कारनामा सचिन ने साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ किया था। वहीं ठीक इसके पांच साल बाद इसी दिन यानी की 24 फरवरी को 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर क्रिस गेल (Chris Gayle) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ विश्व कप (World Cup) के इतिहास की पहली डबल सेंचुरी लगाई थी। और सचिन और क्रिस गेल के बीच एक बड़ा संयोग यह भी रहा कि दोनों ने अपनी पारी में एक समान गेंदें खेली थीं।

दरअसल 2010 में साउथ अफ्रीका की टीम भारत के दौरे पर थी। 24 फरवरी को दूसरा वनडे इंटरनेशनल ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम (Captain Roop Singh Cricket Stadium) में खेला गया। सचिन तेंदुलकर ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 147 गेंदों पर 200 रनों की नाबाद पारी खेली थी। सचिन ने पाकिस्तान (Pakistan) के सईद अनवर (Saeed anwar) और जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के चार्ल्स कावेंट्री (Charles Coventry) (दोनों 194) के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया था। बता दें कि उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक पारी में 25 चौके और 3 छक्के लगाए थे।

वहीं सचिन ने चार्ल लैंग्वेल्ट की गेंद पर एक रन लेकर ऐतिहासिक दोहरा शतक पूरा किया था। उनकी की इस रिकार्डतोड़ पारी से भारत ने तीन विकेट पर 401 रन बनाए थे। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 42.5 ओवरों में 248 रनों पर ढेर हो गई थी। भारत ने 153 रनों से मैच जीतने के साथ ही सीरीज भी अपने नाम कर ली थी। इसके साथ ही 2015 का वनडे विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। 24 फरवरी को केनबरा के मनुका ओवल में जिम्बाब्वे के खिलाफ क्रिस गेल ने 147 गेंदों में 10 चौके और 16 छक्कों की बदौलत 215 रन बनाए थे। गेल ने महज 138 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा कर एक रिकॉर्ड बना लिया था, जिसे अबतक कोई भी खिलाड़ी नहीं तोड़ पाया है।

मार्लोन सैमुअल्स ने भी नाबाद 133 रन बनाए थे। गेल और सैमुअल्स ने दूसरे विकेट के लिए 372 रनों की साझेदारी कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। यह वनडे में किसी भी विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी है। वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 2 विकेट पर 372 रन का विशाल स्कोर बनाया था। वहीं जिम्बाब्वे को बारिश के कारण 48 ओवरों में 363 रन बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन जिम्बाब्वे की टीम 44.3 ओवरों में 289 रनों पर ढेर हो गई थी और विंडीज ने 73 रनों ( D/L method) से मैच जीत लिया था। इसके साथ ही पाकिस्तान के फखर जमां वनडे इंटरनेशनल में डबल सेंचुरी लगाने वाले आखिरी बल्लेबाज हैं। फखर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में यह कारनामा किया था। रोहित शर्मा ने अकेले 3 दोहरे शतक लगाए हैं। सचिन और रोहित के अलावा वीरेंद्र सहवाग भी वनडे इंटरनेशनल में दोहरा शतक जड़ चुके हैं।

Tags

Next Story