वेस्टइंडीज के लिए टीम इंडिया का सिलेक्शन, विराट की उपलब्धता और धोनी के भविष्य पर होगा फैसला

India vs West Indies 2019 (भारत बनाम वेस्टइंडीज 2019) एमएसके प्रसाद के नेतृत्व वाली नेशनल चयन पैनल शुक्रवार को वेस्टइंडीज दौरे (India vs West Indies 2019) के लिए भारतीय क्रिकेट टीम (Team India) का चयन करेगी। जिसमें कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की उपलब्धता और अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के भविष्य पर फैसला लिया जाएगा।
38 साल के धोनी पर सबकी निगाहें होगी, ऐसी अटकलें है धोनी रिटायरमेंट पर विचार कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने अब तक इस बारे में बात नहीं की है। धोनी का चयन होना या नहीं होना, उनके भविष्य का फैसला करेगा। भारतीय टीम तीन अगस्त से शुरू होने वाले वेस्टइंडीज के दौरे में तीन वनडे, दो टेस्ट और तीन टी20 खेलेगी।
धोनी बाहर, ऋषभ पंत अंदर
अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता युवा ऋषभ पंत को चुन सकते हैं, जिन्हें धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता है। धोनी को पिछले साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 श्रृंखला से रेस्ट दिया गया था और इस बात की प्रबल संभावना है कि उन्हें इस बार भी टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।
ऋषभ पंत को हाल ही में विश्व कप में चोटिल सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था हालांकि भारत सेमीफाइनल में हारकर वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था। विराट कोहली की उपलब्धता पर भी निश्चित रूप से बहस होगी, जो कुछ समय से सुर्खियों में बनी हुई है।
विराट कोहली को मिल सकता है आराम
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो विराट कोहली को आगे के लंबे घरेलू सत्र को देखते हुए आराम दिया जा सकता है, जो सितंबर में शुरू होगा। इस परिस्थिति में रोहित शर्मा को छोटे प्रारूपों के लिए कप्तानी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा चयनकर्ता प्रतिभाशाली युवा पंजाब के शुभमन गिल और मुंबई के पृथ्वी शॉ पर विचार कर सकते हैं। लेकिन शॉ की चोट पर भी चयनकर्ता की नजर होगी।
उम्मीद की जा रही है कि मध्यक्रम की समस्या पर भी विचार किया जाएगा। मध्यक्रम में इस समय कर्नाटक के मयंक अग्रवाल, मनीष पांडे और मुंबई के श्रेयस अय्यर कुछ विकल्प हैं, जो घरेलू क्रिकेट में जोरदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया का दरवाजे खटखटा रहे हैं।
अगर भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जाता है तो तेज गेंदबाजी में दीपक चाहर, खलील अहमद और आवेश खान पर विचार किया जा सकता है। बता दें कि तीन टी20 इंटरनेशनल मैच 3 से 6 अगस्त तक, जबकि तीन वनडे मैच 8 से 14 अगस्त तक होंगे। दो टेस्ट मैचों की सीरीज 22 अगस्त से 3 सितंबर तक खेली जाएगी।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS