Australian Open: महिला एकल में बियांका को मिली शिकस्त, सेरेना जीतीं

Australian Open: महिला एकल में बियांका को मिली शिकस्त, सेरेना जीतीं
X
  • चोट के बाद वापसी कर रही पूर्व अमेरिकी ओपन चैम्पियन बियांका आंद्रेस्कू को ताइवान की सीह सू-वेई ने हरा दिया है। सू-वेई ने आठवीं बार बियांका को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराया।
  • महिला एकल में बियांका आंद्रेस्कू को मिली हार
  • ताइवान की सीह सू-वेई ने बियांका को हराया
  • सेरेना विलियम्स को मिली आसानी से जीत

खेल। ऑस्ट्रेलिया ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में बुधवार को चोट के बाद वापसी कर रही पूर्व अमेरिकी ओपन चैम्पियन बियांका आंद्रेस्क्यू को ताइवान की सीह सू-वेई ने हरा दिया है। सू-वेई ने आठवीं बार बियांका को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराया। बियांका ने 2019 अमेरिकी ओपन के फाइनल में सेरेना विलियम्स को हराकर खिताब जीता था, लेकिन घुटने में चोट के कारण वह 2020 में ज्यादातर बाहर रहीं।

वहीं दूसरी तरफ तीसरे दौर में सेरेना विलियम्स ने अपनी जगह पक्की कर ली है। उन्होंने दूसरे दौर में सर्बिया की निना स्टोजैनविच को 6-3, 6-0 से मात दी। रोड लावेर एरेना में बियांका के बाद उतरीं सेरेना ने दूसरे दौर के एकतरफा मुकाबले में निना को आसानी से हराया. सेरेना ने मैच के बाद कहा, 'मैं दूसरे सेट में उतना नहीं सोच रही थी जितना पहले सेट में सोच रही थी। यह इस तरह था कि जो हो रहा है उसे होने दीजिए और फिर देखते हैं नतीजा क्या रहता है।'

कनाडा की 20 साल की बियांका को 35 साल की सू-वेई के गैरपारंपरिक खेल को समझने के लिए जूझना पड़ा, जिसमें दो हाथ से लगाए फोरहैंड शॉट भी शामिल हैं। बियांका को अपनी खराब सर्विस का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने अपनी दूसरी सर्विस पर 23 में से 17 अंक गंवाए। बियांका ने मुकाबले के दौरान छह बार अपनी सर्विस गंवाई। ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के दूसरे दौर में बियांका की चार मैचों में यह तीसरी हार है। उन्होंने दूसरे दौर का एकमात्र मुकाबला अमेरिकी ओपन में खिताबी जीत के दौरान जीता।

ताइवानी खिलाड़ी सू-वेई के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है, लेकिन शीर्ष 10 में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ उनकी जीत हार का रिकॉर्ड 8-2 है। उन्होंने दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ियों सिमोना हालेप को 2018 में विंबलडन और नाओमी ओसाका को 2019 में मियामी में हराया था। आठ साल में पहली बार ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल रही कनाडा की ही रेबेका मारिनो को मार्केटा वांद्रोसोवा ने 6-1, 7-5 से हराया। मारिनो अवसाद और पैर की गंभीर चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहीं। अमेरिका की 20 साल की आन ली ने एलिज कोर्नेट को 6-2, 7-6 से हराकर लगातार दूसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बनाई। सातवीं वरीय एरिना सबालेंका ने डारिया कसात्किना को 7-6, 6-3 से हराया।

Tags

Next Story